बांग्लादेश के कप्तान मेंहदी हसन मिराज ने खेल भावना को किया तार-तार, सलमान आगा को धोखे से किया आउट

पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरे वनडे मैच में एक बड़ा विवाद देखने को मिला. यह विवाद तब शुरू जब सलमान अली आगा मेहदी हसन मिराज की चतुराई से रन आउट हो गए.

calender

BAN vs PAK: ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरे वनडे मैच में एक विवादास्पद घटना ने सबका ध्यान खींच लिया. पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान अली आगा अच्छी फॉर्म में थे, लेकिन बांग्लादेश कप्तान मेहदी हसन मिराज की चतुराई से रन आउट हो गए. यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. 

रन आउट कैसे हुआ बना विवाद 

पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में यह घटना घटी. मेहदी हसन मिराज गेंदबाजी कर रहे थे. मोहम्मद रिजवान ने गेंद को हल्के से ऑन साइड की तरफ खेला. गेंद की रफ्तार कम थी, इसलिए मेहदी ने खुद गेंद रोकने के लिए दौड़ लगाई. नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े सलमान अली आगा बीच में आ गए और दोनों खिलाड़ियों की हल्की टक्कर हुई.

गेंद सलमान के पैर के पास रुक गई. सलमान ने सोचा कि गेंद उठाकर मेहदी को लौटा दें, इसलिए वे झुके, लेकिन वे क्रीज से बाहर थे. मेहदी ने पहले गेंद उठाई और अंडरआर्म थ्रो से स्टंप पर मार दी. जिसके बाद अपील हुई, अंपायर ने थर्ड अंपायर से राय ली और सलमान को आउट घोषित कर दिया. सलमान 62 गेंदों पर 64 रन बनाकर पवेलियन लौटे. 

गुस्से में हेलमेट और ग्लव्स फेंक सलमान

सलमान बहुत गुस्से में थे. वे मेहदी से कह रहे थे कि वे गेंद लौटा रहे थे, लेकिन मेहदी ने कहा कि वे क्रीज से बाहर थे. फैसला होने पर सलमान ने हेलमेट और ग्लव्स फेंक दिए. बांग्लादेशी खिलाड़ी आक्रामक हो गए, लेकिन रिजवान ने उन्हें शांत किया. मैदान पर थोड़ी देर बहस चली.

खेल भावना पर सवाल

यह घटना खेल के नियमों के हिसाब से सही थी, क्योंकि गेंद खेल में थी और सलमान क्रीज से बाहर थे, लेकिन कई लोगों का मानना है कि मदद के लिए गेंद उठाने वाले को रन आउट करना खेल भावना के खिलाफ है. पूर्व पाकिस्तानी कप्तान रामिज राजा ने भी इस पर सवाल उठाए. सोशल मीडिया पर भी इस पर बहस छिड़ गई. First Updated : Friday, 13 March 2026