'परिणाम देखकर...'पाकिस्तान के यू-टर्न पर BCCI की पहली प्रतिक्रिया आई सामने, मोहसिन नकवी के जले पर छिड़का नमक

भारत-पाकिस्तान के बीच टी20 मुकाबले को लेकर BCCI ने अपनी पहली प्रतिक्रिया साझा की है. ICC की बैठक के बाद पकिस्तान ने बहिष्कार छोड़ भारत के साथ मैच खेलने के लिए तैयार हो गया है.

Sonee Srivastav

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मैच अब तय कार्यक्रम के अनुसार होगा. पाकिस्तान ने पहले इस मुकाबले का बहिष्कार करने का ऐलान किया था, लेकिन अब सरकार ने फैसला वापस ले लिया है.

15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी. इस पूरे मामले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है.

पाकिस्तान का बहिष्कार का फैसला 

पाकिस्तान ने शुरुआत में बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाते हुए भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का फैसला किया था. बांग्लादेश को सुरक्षा चिंताओं के कारण टूर्नामेंट से हटाया गया था, जिसके विरोध में पाकिस्तान ने यह कदम उठाया, लेकिन आईसीसी की मध्यस्थता और बहुपक्षीय बातचीत के बाद पाकिस्तान सरकार ने निर्देश वापस ले लिया. अब टीम पूरे टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, जिसमें भारत से मैच भी शामिल है.

राजीव शुक्ला ने जताई खुशी 

बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस समाधान पर खुशी जताई. उन्होंने कहा, "परिणाम देखकर बेहद खुशी हुई है. आईसीसी के प्रतिनिधि द्वारा शुरू की गई चर्चा, आईसीसी अध्यक्ष की देखरेख और लाहौर जाकर पाकिस्तान तथा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से बात करने वाले प्रतिनिधियों के प्रयासों का अच्छा नतीजा निकला. यह शांतिपूर्ण समाधान है, जो क्रिकेट को प्राथमिकता देता है."

शुक्ला ने आईसीसी को बधाई दी और कहा कि इस पहल से क्रिकेट फिर मुख्यधारा में आ गया. उन्होंने आगे कहा, "आईसीसी के लिए यह बड़ी उपलब्धि है. पाकिस्तान को बातचीत की मेज पर लाने और मैच सुनिश्चित करने के प्रयास सराहनीय हैं. 15 फरवरी का मैच होगा, जो सभी के लिए अच्छी खबर है."

बांग्लादेश की भावनाओं का ख्याल

शुक्ला ने बताया कि बातचीत में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की भावनाओं का भी ध्यान रखा गया. उन्हें कुछ राहत मिली है और वे आईसीसी के प्रयासों से संतुष्ट हैं. यह सभी पक्षों के लिए फायदेमंद स्थिति है.

दरअसल यह फैसला टी20 विश्व कप को बड़ी सफलता की ओर ले जाएगा. भारत और श्रीलंका में हो रहे इस आयोजन में अब भारत-पाकिस्तान मैच से उत्साह और बढ़ेगा. क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह राहत की बात है कि राजनीतिक विवाद क्रिकेट के आगे नहीं आए.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag