क्रिकेट के महाकुंभ के बीच चेन्नई मेट्रो का बड़ा ऐलान, भारत बनाम जिम्बाब्वे मैच के लिए फ्री यात्रा

टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 चरण में भारत और जिम्बाब्वे के बीच 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में अहम मुकाबला खेला जाएगा. चेन्नई मेट्रो रेल लिमिटेड ने घोषणा की है कि मैच के दिन दर्शक अपने मैच टिकट का उपयोग मेट्रो यात्रा के लिए मुफ्त पास के रूप में कर सकेंगे.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 चरण में भारत और जिम्बाब्वे के बीच 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में अहम मुकाबला खेला जाएगा. इस हाई-प्रोफाइल मैच को लेकर जहां क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है, वहीं शहर में संभावित भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन और चेन्नई मेट्रो ने विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि दर्शकों को स्टेडियम तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो.

चेन्नई मेट्रो रेल लिमिटेड की घोषणा 

चेन्नई मेट्रो रेल लिमिटेड ने घोषणा की है कि मैच के दिन दर्शक अपने मैच टिकट का उपयोग मेट्रो यात्रा के लिए मुफ्त पास के रूप में कर सकेंगे. इन टिकटों पर एक खास क्यूआर कोड होगा, जिसे मेट्रो स्टेशनों के ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन गेट पर स्कैन किया जा सकेगा. यह टिकट उसी दिन के लिए मान्य रहेगा और इसके जरिए किसी भी मेट्रो स्टेशन से गवर्नमेंट एस्टेट स्टेशन तक आने-जाने की सुविधा मिलेगी. गवर्नमेंट एस्टेट स्टेशन स्टेडियम के सबसे नजदीक स्थित है, जिससे दर्शकों को मैच स्थल तक पहुंचने में आसानी होगी.

दर्शकों की भारी संख्या को ध्यान में रखते हुए मेट्रो सेवाओं का समय भी बढ़ाया गया है. सामान्य समय से आगे बढ़ाकर ट्रेनें देर रात तक चलाई जाएंगी. गवर्नमेंट एस्टेट स्टेशन से आखिरी ट्रेनें आधी रात को रवाना होंगी, जिनमें से एक विमको नगर डिपो की दिशा में और दूसरी एयरपोर्ट कॉरिडोर की ओर जाएगी. हालांकि यात्रियों को यह ध्यान रखना होगा कि अंतिम ट्रेन के प्रस्थान से 10 मिनट पहले स्टेशन में प्रवेश बंद कर दिया जाएगा. इसके अलावा रात 11 बजे के बाद ग्रीन लाइन में इंटरचेंज की सुविधा केवल चेन्नई सेंट्रल स्टेशन पर ही उपलब्ध होगी.

तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से पहल 

चेन्नई मेट्रो ने यह पहल तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से शुरू की है, ताकि मैच के दिन यात्रा व्यवस्था सुचारू और सुविधाजनक बनी रहे. आयोजकों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बड़ी संख्या में आने वाले क्रिकेट प्रशंसकों को सुरक्षित और तेज परिवहन सुविधा मिल सके और शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम हो.

खेल के लिहाज से भी यह मुकाबला भारत के लिए बेहद अहम है. सुपर 8 चरण में पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें कमजोर पड़ गई हैं. ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत भारत के लिए अनिवार्य हो गई है. अगर टीम इस मैच में जीत हासिल करती है तो सेमीफाइनल की दौड़ में बनी रहेगी, लेकिन हार की स्थिति में टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा बढ़ जाएगा. यही वजह है कि यह मुकाबला भारतीय टीम और उसके प्रशंसकों दोनों के लिए बेहद निर्णायक माना जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag