यूक्रेन के ड्रोन हमले से मॉस्को एयरपोर्ट्स बंद, सुरक्षा हाई अलर्ट पर
मॉस्को में तनाव का माहौल है. यूक्रेनी ड्रोनों के हमलों के बाद रूस ने सख्त कदम उठाया और राजधानी के सभी चार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों को सुरक्षा कारणों से तुरंत बंद कर दिया.
Russia Attack Ukraine: रूस की राजधानी मॉस्को में रविवार दोपहर सुरक्षा कारणों से बड़ा संकट पैदा हो गया. शहर के चारों प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे डोमोडेडोवो, वनुकोवो, जुकोवस्की और शेरेमेतयेवो कुछ समय के लिए बंद कर दिए गए. रूसी एयर डिफेंस ने महज एक घंटे के भीतर 11 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, जिसके बाद रोसावियात्सिया ने सभी उड़ानों पर रोक लगा दी. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने अपडेट देते हुए कहा कि एयर डिफेंस ने मॉस्को की ओर उड़ रहे एक और UAV को रोक लिया है. इस तरह मार गिराए गए ड्रोन की कुल संख्या 11 हो गई है.' रूस-यूक्रेन युद्ध अब चौथे साल में प्रवेश कर रहा है. उधर रूस ने रविवार को कीव, ओडेसा, लवीव समेत कई यूक्रेनी शहरों पर क्रूज-बैलिस्टिक मिसाइलों और 274 ड्रोन से भारी हमला बोला, जिसमें ऊर्जा संयंत्र, बंदरगाह और आवासीय इलाके निशाना बने. लवीव में एक पुलिस अधिकारी की मौत हुई और 24 लोग घायल हुए. जेलेंस्की ने कहा कि रूस बातचीत से ज्यादा हमलों पर जोर दे रहा है. इस सप्ताह रूस ने यूक्रेन पर 1,300 ड्रोन, 1,400 गाइडेड बम और 96 मिसाइल दागीं. शनिवार को यूक्रेन ने रूस की मिसाइल फैक्ट्री पर 1,400 किमी दूर से ड्रोन हमला किया था.


