मैच जीतने के बाद विराट कोहली ने अनुष्का को दी फ्लाइंग किस, मैदान पर कपल के क्यूट मोमेंट ने जीता फैंस का दिल
आईपीएल 2026 के पहले मैच में विराट कोहली ने नाबाद 69 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई. मैच के बाद उन्होंने स्टैंड्स में मौजूद अनुष्का शर्मा को फ्लाइंग किस दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

क्रिकेट के मैदान पर जब रोमांच अपने चरम पर होता है और स्टैंड्स में कोई खास शख्स मौजूद हो, तो नजारा और भी यादगार बन जाता है. ऐसा ही एक खूबसूरत पल आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में देखने को मिला, जब विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने अपने क्यूट अंदाज से फैंस का दिल जीत लिया. मैच खत्म होते ही दोनों के बीच हुआ इशारा अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने थे. इस मैच में अनुष्का शर्मा स्टैंड्स में मौजूद थीं और पूरे समय विराट कोहली और उनकी टीम का हौसला बढ़ाती नजर आईं. काफी समय बाद ऐसा मौका आया जब अनुष्का स्टेडियम में बैठकर विराट का मैच देख रही थीं, जिससे फैंस के बीच भी उत्साह देखने को मिला.
जीत के बाद वायरल हुआ ‘क्यूट मोमेंट’
मैच खत्म होने के बाद जैसे ही विराट कोहली ने जीत दिलाई, कैमरा उन पर और अनुष्का पर फोकस हो गया. विराट ने पहले मैदान पर खिलाड़ियों से हाथ मिलाया और फिर स्टैंड्स की ओर देखकर बल्ला उठाया. इसके बाद उन्होंने अनुष्का की तरफ फ्लाइंग किस दिया. जवाब में अनुष्का शर्मा ने भी मुस्कुराते हुए वही अंदाज दोहराया. दोनों के बीच का यह छोटा सा इशारा फैंस को खूब पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है.
Picking up exactly where they left off! ❤️
— IndianPremierLeague (@IPL) March 28, 2026
Defending champions #RCB kick off their #TATAIPL 2026 campaign with a clinical, comprehensive victory over #SRH 👏
Updates ▶️ https://t.co/Eo5z0jh4K4 #KhelBindaas | #RCBvSRH | @RCBTweets pic.twitter.com/q3IAaMP3LK
कोहली की शानदार पारी
मैच में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 69 रन बनाए. उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में यह पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे. उनकी इस पारी की बदौलत टीम को जीत मिली. लंबे समय बाद मैदान पर लौटने के बावजूद कोहली का आत्मविश्वास और फॉर्म शानदार दिखा. उन्होंने एक छोर संभालकर खेला और दूसरे बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका दिया.
टीम का मिला साथ
इस जीत में कोहली को दूसरे छोर से अच्छा सहयोग भी मिला. देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने तेजी से रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. जहां दूसरे बल्लेबाज तेजी से रन बटोर रहे थे, वहीं कोहली ने संयम के साथ खेलते हुए पारी को संभाला और अंत तक नाबाद रहते हुए मैच खत्म किया.


