IPL 2026 का पहला मैच बना खास, 9 साल बाद दो दिग्गजों की भिड़ंत, दोनों टीमों में इन खिलाड़ियों की अदला-बदली
आईपीएल 2026 का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा, जिसमें RCB चैंपियन के रूप में उतरेगी. 9 साल बाद दोनों टीमें सीजन के पहले मुकाबले में भिड़ेंगी, जिससे मैच का रोमांच और बढ़ गया है.

आईपीएल 2026 का आगाज एक रोमांचक मुकाबले के साथ होने जा रहा है, जिसमें मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने खिताब की रक्षा के इरादे से मैदान में उतरेगी. टीम की कमान रजत पाटीदार के हाथों में है और उनका पहला ही मुकाबला मजबूत सनराइजर्स हैदराबाद से होगा, जो अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती है.
फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह
सीजन के पहले मैच को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि लंबे समय बाद दोनों टीमें उद्घाटन मुकाबले में आमने-सामने होंगी. यह मैच 28 मार्च को खेला जाएगा और इसकी खास बात यह है कि करीब नौ साल बाद आईपीएल के पहले मुकाबले में बेंगलुरु और हैदराबाद की भिड़ंत देखने को मिलेगी. इससे पहले 2017 में दोनों टीमों ने सीजन का पहला मैच खेला था. उस समय हैदराबाद डिफेंडिंग चैंपियन थी, जबकि इस बार बेंगलुरु चैंपियन बनकर मैदान में उतर रही है, जिससे मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया है.
पिछले नौ वर्षों में दोनों टीमों में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं. 2017 के मुकाबले में जो खिलाड़ी दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे, उनमें से इस बार केवल दो ही खिलाड़ी नजर आएंगे, लेकिन वे भी अलग-अलग टीमों से खेलते दिखेंगे. उस समय ट्रेविस हेड बेंगलुरु की ओर से खेले थे, जबकि भुवनेश्वर कुमार हैदराबाद का हिस्सा थे. अब स्थिति उलट चुकी है. हेड हैदराबाद की टीम में शामिल हैं, जबकि भुवनेश्वर बेंगलुरु की ओर से खेलते नजर आएंगे.
मैच में नहीं खेले थे कोहली
उस मुकाबले की एक और खास बात यह थी कि बेंगलुरु के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली उस मैच में नहीं खेले थे और टीम की कप्तानी शेन वॉटसन ने संभाली थी. इसलिए मौजूदा मुकाबले में पुराने चेहरों की तुलना में नई रणनीतियों और नए खिलाड़ियों की भूमिका अधिक अहम होगी.
अगर 2017 के उस मैच के नतीजे पर नजर डालें तो हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए उसने 207 रन बनाए थे, जिसमें युवराज सिंह की तेजतर्रार पारी अहम रही थी. जवाब में बेंगलुरु की टीम 172 रन पर सिमट गई थी और लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी थी.
अब 2026 में हालात बदल चुके हैं. बेंगलुरु चैंपियन के रूप में उतरेगी और जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी, जबकि हैदराबाद पिछली हार का इतिहास दोहराने नहीं देना चाहेगी. ऐसे में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है.


