अयोध्या में रामलला का दिव्य 'सूर्य तिलक', PM मोदी ने किए लाइव दर्शन
रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या में रामलला का भव्य सूर्य तिलक किया गया, जिसमें सूर्य की किरणें सीधे उनके ललाट पर पड़ीं. इस दिव्य दृश्य को वैज्ञानिक तकनीक की मदद से साकार किया गया, जिसे देशभर में लाइव देखा गया.
नई दिल्ली: अयोध्या में रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार दोपहर अभिजीत मुहूर्त में रामलला का भव्य ‘सूर्य तिलक’ किया गया. इस दौरान करीब चार मिनट तक सूर्य की किरणें विशेष उपकरणों की सहायता से भगवान रामलला के ललाट पर केंद्रित रहीं. इस अलौकिक दृश्य को साकार करने के लिए बेंगलुरु के वैज्ञानिकों ने दर्पण और लेंस आधारित तकनीक विकसित की, जिसका सफल परीक्षण पहले ही कर लिया गया था. यह प्राण-प्रतिष्ठा के बाद रामलला का दूसरा सूर्य तिलक था. इस मौके पर भगवान को पीले वस्त्र पहनाए गए और गर्भगृह में विशेष पूजा संपन्न हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस आयोजन के लाइव दर्शन किए. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे सनातन संस्कृति की चेतना और आस्था का प्रतीक बताया. इस ऐतिहासिक क्षण का प्रसारण टीवी और सोशल मीडिया के जरिए देशभर में किया गया.


