हार्दिक पांड्या ने टी20 वर्ल्ड कप के बाद ग्राउंड स्टाफ के लिए खोला अपना खजाना, पूरा किया वादा
आईपीएल से पहले हार्दिक पांड्या ने अपना सबसे बड़ा वादा आज पूरा कर दिया है. उन्होंने ग्राउंड स्टाफ किया था कि वे टी20 विश्व कप 2026 जीतकर जब वापस आएंगे तो उन्हें गिफ्ट्स देंगे.

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने एक बार फिर अपनी अच्छाई का परिचय दिया है. टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी के दौरान मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ट्रेनिंग करते समय उन्होंने मैदानकर्मियों (ग्राउंड स्टाफ) से एक वादा किया था. अब उन्होंने उस वादे को पूरा कर सबका दिल जीत लिया.
हार्दिक ने आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले वानखेड़े स्टेडियम के ग्राउंड स्टाफ को नकद इनाम और गिफ्ट्स देकर उनका आभार जताया. उनका यह जेस्चर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
आधी रात तक ट्रेनिंग, फिर किया वादा
वानखेड़े स्टेडियम में टी20 विश्व कप की तैयारी के लिए हार्दिक कई बार आधी रात तक प्रैक्टिस करते रहे. इस दौरान मैदान पर काम करने वाले स्टाफ ने उनकी मदद की. हार्दिक ने उनसे कहा था कि जब वह वापस लौटेंगे तो सभी को इनाम जरूर देंगे. अब उन्होंने अपना वादा निभाया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हार्दिक पांड्या ने ग्राउंड स्टाफ के हर सदस्य को व्यक्तिगत रूप से 10-10 हजार रुपये नकद इनाम दिए. साथ ही उन्हें गिफ्ट्स भी भेंट किए. स्टाफ सदस्यों ने हार्दिक का यह जेस्चर देखकर काफी खुशी जताई.
विश्व कप में कमाल का प्रदर्शन
हार्दिक पांड्या टी20 विश्व कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का अहम हिस्सा थे. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बैट और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया. 9 पारियों में 217 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल थे. वहीं गेंदबाजी में 9 विकेट चटकाए. पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में 3 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट लिए, जिसने मैच का पासा पलट दिया.
विश्व कप जीतने के बाद हार्दिक ने कहा था कि उन्होंने खुद से वादा किया था हर टूर्नामेंट में जीतने के लिए खेलेंगे और ट्रॉफी उठाएंगे. अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत इस वादे को पूरा करने का प्रमाण थी.
मुश्किलों से वापसी की मिसाल
32 वर्षीय हार्दिक उन चार भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें आईसीसी की टी20 विश्व कप 2026 की टीम में जगह मिली. उन्होंने 2024 विश्व कप से पहले अपनी व्यक्तिगत मुश्किलों का जिक्र करते हुए कहा था कि बहुत कुछ उनके हिसाब से नहीं चल रहा था, लेकिन उन्होंने मन बना लिया था कि वह वापसी करेंगे.
ऑफ फील्ड जेस्चर की तारीफ
हार्दिक पांड्या का यह ऑफ फील्ड जेस्चर क्रिकेट जगत में काफी सराहा जा रहा है. ग्राउंड स्टाफ जैसे अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को याद रखना और उन्हें इनाम देना कई पूर्व खिलाड़ियों और फैंस को पसंद आया है. सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल है, जिसमें हार्दिक स्टाफ सदस्यों के साथ खड़े मुस्कुराते नजर आ रहे हैं.


