पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती, पर आम जनता को राहत नहीं
केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाई है ताकि तेल कंपनियों को राहत मिले, लेकिन उपभोक्ताओं को फिलहाल कीमतों में कोई सीधा फायदा नहीं मिलने वाला है.
कच्चे तेल की वैश्विक सप्लाई को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती का फैसला लिया है, जिससे तेल कंपनियों को राहत मिल सके. नए फैसले के तहत पेट्रोल पर ड्यूटी घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि डीजल पर इसे पूरी तरह खत्म कर दिया गया है. पहले पेट्रोल पर 13 रुपये और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर टैक्स लगाया जाता था. सरकार का यह कदम अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगे कच्चे तेल के दबाव को कम करने के लिए उठाया गया है, लेकिन इसका सीधा फायदा फिलहाल आम उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगा. खुदरा कीमतों पर असर अभी नहीं दिखेगा, क्योंकि राज्य सरकारों द्वारा लगाया जाने वाला वैट पहले की तरह जारी रहेगा.


