मुंबई इंडियंस से कटा हार्दिक पांड्या का पत्ता! IPL 2026 के बाद छिन जाएगी कप्तानी, जानें कौन होगा अगला कप्तान?

आईपीएल 2026 सीजन में मुंबई इंडियंस ने बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया. इसके बाद स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर तलवार लटक गई है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के समापन से ठीक पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खेमे से एक बहुत बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. इस सीजन में टीम के बेहद निराशाजनक प्रदर्शन के बाद स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर तलवार लटक गई है. रिपोर्ट के अनुसार फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट हार्दिक पांड्या को नेतृत्व पद से हटाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है.

शर्मनाक रहा मुंबई इंडियंस का सफर

आईपीएल 2026 के दौरान मुंबई इंडियंस का सफर बेहद उतार-चढ़ाव भरा और फीका रहा. हार्दिक पांड्या की अगुवाई में टीम ने पूरे सीजन में खेले गए 14 मुकाबलों में से सिर्फ 4 मैचों में जीत दर्ज की जबकि 10 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा. इस खराब खेल के कारण टीम अंक तालिका में नौवें पायदान पर रही.

कप्तान पर नजर

इस खराब प्रदर्शन की गाज अब सीधे कप्तान पर गिरती नजर आ रही है. फ्रेंचाइजी के भीतर कम से कम तीन वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि हार्दिक को कप्तानी से मुक्त किया जा सकता है और टीम में बतौर खिलाड़ी भी उनके भविष्य पर मंथन चल रहा है.

कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों के बीच मतभेद

सूत्रों के अनुसार मैनेजमेंट हार्दिक को लंबे समय तक कप्तान बनाए रखने के पक्ष में नहीं था. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सीजन के आखिरी मैच के बाद कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों के बीच हुई बातचीत में यह कड़वाहट साफ देखी गई. कोचिंग स्टाफ ने सीनियर खिलाड़ियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि वे अपनी रणनीतियों में बदलाव के लिए तैयार रहें. 

निर्देशों का पालन नहीं किया

सीजन के दौरान कई ऐसे मौके आए जब कोचिंग स्टाफ ने आधुनिक क्रिकेट डेटा के आधार पर कुछ फैसले लेने की सिफारिश की लेकिन मैदान पर खिलाड़ियों ने उन निर्देशों का पालन नहीं किया. इसके अलावा टीम इस साल अन्य सफल टीमों की तरह पावरप्ले का सही इस्तेमाल करने में पूरी तरह नाकाम रही जिससे साफ है कि टीम आधुनिक टी20 क्रिकेट के साथ तालमेल नहीं बिठा पाई.

कौन संभालेगा मुंबई की कमान?

आगामी सीजन के लिए मुंबई इंडियंस के पास कप्तानी के दो बेहद मजबूत और अनुभवी विकल्प मौजूद हैं. मैनेजमेंट उप-कप्तान जसप्रीत बुमराह या फिर आक्रामक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव में से किसी एक को टीम की कमान सौंप सकता है. यदि अगले सीजन में भी यह प्रयोग सफल नहीं रहता तो आईपीएल 2028 से पहले होने वाले मेगा ऑक्शन में मुंबई के पास पूरी तरह से एक नई टीम और नया कप्तान चुनने का मौका होगा.

आगामी बदलाव पर रहेगी नजर

पिछले मेगा ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को रिटेन किया था. अब देखना दिलचस्प होगा कि आगामी बदलावों के बीच टीम मैनेजमेंट किन खिलाड़ियों पर भरोसा जताता है और किसे रिलीज करता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो