पहले हार, अब सजा! चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ीं, ICC ने लगाया जुर्माना

Champions Trophy 2025: पाकिस्तान की चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत खराब रही. पहले न्यूजीलैंड से हार, अब आईसीसी ने टीम पर मैच फीस का 5% जुर्माना लगा दिया. पाकिस्तान को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत के खिलाफ अगला मैच हर हाल में जीतना होगा.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Champions Trophy 2025: पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच में करारी हार के बाद अब टीम पर आईसीसी ने जुर्माना ठोक दिया है. पाकिस्तान पर धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. इस जुर्माने के साथ ही टीम को आगामी मैचों में अपनी रणनीति पर फिर से विचार करने की जरूरत होगी.

आईसीसी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि पाकिस्तान ने तय समय में अपने ओवर पूरे नहीं किए, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई. कार्यवाहक कप्तान मोहम्मद रिजवान ने गलती स्वीकार कर ली, जिससे उन्हें औपचारिक सुनवाई से छूट मिल गई. अब टीम को टूर्नामेंट में बने रहने के लिए अगले मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करना होगा.

आईसीसी ने क्यों लगाया जुर्माना?

पाकिस्तान टीम ने कराची के नेशनल स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में धीमी ओवर गति से गेंदबाजी की. आईसीसी के नियमों के तहत, यदि कोई टीम निर्धारित समय में पूरे ओवर नहीं डालती है, तो प्रत्येक ओवर के लिए खिलाड़ियों पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है. आईसीसी एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी के सदस्य एंडी पाइक्रॉफ्ट ने इस सजा की घोषणा की.

मैच में पाकिस्तान को क्यों मिली हार?

पाकिस्तान को पहले ही मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 60 रनों से हार का सामना करना पड़ा. 281 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम अच्छी शुरुआत नहीं कर सकी और अंततः जरूरी रन रेट से पीछे रह गई. बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है.

फखर जमान हुए बाहर

इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के लिए समस्याएं यहीं खत्म नहीं हुईं. टीम के सलामी बल्लेबाज फखर जमान चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. उन्हें खेल के दूसरे ओवर में फील्डिंग करते समय चोट लगी थी. उनकी जगह इमाम-उल-हक को टीम में शामिल किया गया है, जिसे आईसीसी ने अपनी मंजूरी दे दी है.

भारत से भिड़ंत से पहले आत्ममंथन जरूरी

अब पाकिस्तान की अगली परीक्षा 23 फरवरी को दुबई में होगी, जहां उसका मुकाबला चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत से है. यह मुकाबला टीम के लिए बेहद अहम होगा क्योंकि इस ग्रुप से केवल दो टीमें ही नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी. न्यूजीलैंड पहले ही कराची में अपना मैच जीत चुका है, जबकि बांग्लादेश भी इस ग्रुप का हिस्सा है. पाकिस्तान को अगर सेमीफाइनल की रेस में बने रहना है तो भारत के खिलाफ जीत दर्ज करनी ही होगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag