IND vs NZ: न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए टीम का आज होगा ऐलान, ऋषभ पंत की किस्मत का भी होगा फैसला

आज बीसीसीआई न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा करेगी. इस दौरान अजीत अगरकर और कोच गौतम गंभीर मौजूद रहेंगे.

Sonee Srivastav

IND vs NZ:  भारतीय क्रिकेट टीम नए साल 2026 की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज से कर रही है. बीसीसीआई आज यानी 3 जनवरी को इस सीरीज के लिए टीम की घोषणा करने वाला है. मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और कोच गौतम गंभीर की नजरें कई खिलाड़ियों पर है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा ऋषभ पंत की जगह को लेकर हो रही है. 2027 विश्व कप की तैयारी को ध्यान में रखते हुए टीम में बड़े बदलाव की उम्मीद कम है, लेकिन कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं. 

शुभमन गिल की कप्तानी में नया दौर

शुभमन गिल गर्दन की चोट से उबरकर टीम में वापसी कर रहे हैं और वे इस सीरीज में कप्तानी करेंगे. यह उनकी घरेलू मैदान पर पहली कप्तानी होगी. रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ी टीम में रहेंगे, जो मध्यक्रम को मजबूती देंगे. सीरीज वडोदरा, राजकोट और इंदौर में खेली जाएगी, जो 11 जनवरी से शुरू होगी. 

ऋषभ पंत की जगह पर संकट

ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में तो मजबूत स्थिति में हैं, लेकिन वनडे में उनका भविष्य अनिश्चित लग रहा है. उनका आखिरी वनडे अक्टूबर 2024 में श्रीलंका के खिलाफ था. विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने चार मैचों में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया, जो उनके पक्ष में नहीं जाता. केएल राहुल पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं, जो स्थिरता और फिनिशिंग देते हैं. पंत की आक्रामक बल्लेबाजी वनडे में हमेशा सफल नहीं रही. 

इस बीच, ईशान किशन और ध्रुव जुरेल शानदार फॉर्म में हैं. किशन ने घरेलू क्रिकेट में बड़ा स्कोर बनाया, जबकि जुरेल ने 160 रनों की पारी खेली. चयनकर्ता पंत को बाहर कर इनमें से किसी को मौका दे सकते हैं. 

तेज गेंदबाजी में बड़े सवाल

जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को कार्यभार प्रबंधन के कारण आराम दिए जाने की संभावना है. ऐसे में तेज गेंदबाजी की कमान मोहम्मद सिराज या मोहम्मद शमी संभाल सकते हैं. शमी का रिकॉर्ड हर हालात में अच्छा है, जबकि सिराज घरेलू मैदान पर मजबूत हैं. शमी की वापसी की चर्चा जोरों पर है. 

बल्लेबाजी में प्रतिस्पर्धा तेज  

रुतुराज गायकवाड़ ने हालिया शतक से अपनी जगह पक्की की है, लेकिन देवदत्त पडिक्कल और सरफराज खान जैसे खिलाड़ी शानदार फॉर्म में हैं. पडिक्कल ने तीन शतक लगाए हैं. टीम में निरंतरता बनाए रखने के साथ भविष्य को ध्यान में रखकर चयन होगा.

यह सीरीज भारत के लिए 2027 विश्व कप की दिशा तय करने वाली हो सकती है. चयनकर्ताओं के फैसले टीम की रणनीति को मजबूत करेंगे. क्रिकेट प्रशंसक बेसब्री से घोषणा का इंतजार कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag