IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम पर होगी 'धनवर्षा', रनर-अप भी होगी मालामाल
आज अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाना है. ऐसे में जान लीजिये कि जीतने वाली टीम और हारने वाली टीम को कितनी प्राइज मनी दी जाएगी.

IND vs NZ Final: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज 8 मार्च 2026 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांचक फाइनल मैच होने वाला है. यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बहुत खास है.
भारत अगर जीतता है तो कई इतिहास रचेगा- लगातार दो बार चैंपियन बनेगा, घरेलू मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनेगा और कुल तीन खिताब जीतने वाली पहली टीम का रिकॉर्ड बनाएगा. वहीं न्यूजीलैंड की जीत से टी20 वर्ल्ड कप में एक नया विजेता मिलेगा, क्योंकि उन्होंने अब तक यह ट्रॉफी नहीं जीती है.
प्राइज पूल में 20% की बढ़ोतरी
इस बार ICC ने टूर्नामेंट के लिए कुल 13.5 मिलियन डॉलर (करीब 120 करोड़ रुपये से ज्यादा) का प्राइज पूल तय किया है. यह 2024 के संस्करण से लगभग 20% ज्यादा है. भारत और श्रीलंका में को-होस्टिंग, मजबूत ब्रॉडकास्टिंग राइट्स और स्पॉन्सरशिप डील्स की वजह से यह राशि बढ़ी है. इससे क्रिकेट की बढ़ती कमर्शियल वैल्यू साफ नजर आती है.
विजेता और रनर-अप को मिलने वाली रकम
फाइनल जीतने वाली टीम को 3 मिलियन डॉलर (लगभग 27.48 करोड़ रुपये) की बड़ी राशि मिलेगी. उपविजेता टीम को 1.6 मिलियन डॉलर (करीब 14.65 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे. मतलब चाहे भारत जीते या न्यूजीलैंड हारे, दोनों टीमों को करोड़ों रुपये की कमाई की गारंटी है. यह पैसा टीम के बोर्ड, खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बड़ा बोनस होगा.
सेमीफाइनलिस्ट और सुपर 8 टीमों की कमाई
सेमीफाइनल में हारने वाली टीम इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका को प्रत्येक 790,000 डॉलर (लगभग 7.24 करोड़ रुपये) मिलेंगे. सुपर 8 से बाहर हुई टीमों जैसे-पाकिस्तान, मेजबान श्रीलंका, वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे आदि को 380,000 डॉलर (करीब 3.48 करोड़ रुपये) प्रत्येक दिए जाएंगे.
ग्रुप स्टेज टीमों को भी मिलेगी राशि
टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें शामिल हुई थी. ग्रुप स्टेज में बाहर होने वाली टीमों को भी 250,000 डॉलर (लगभग 2.29 करोड़ रुपये) मिलेंगे. इस तरह हर भाग लेने वाली टीम को कुछ न कुछ प्राइज मनी जरूर मिलेगी, जो छोटी टीमों के लिए भी प्रोत्साहन है.
यह बड़ा प्राइज पूल क्रिकेटरों के लिए बड़ा मोटिवेशन है. फाइनल का नतीजा ट्रॉफी के साथ करोड़ों की कमाई भी तय करेगा. मैच का रोमांच सिर्फ मैदान पर नहीं, बल्कि पैसे से भी जुड़ा है.


