नामीबिया को हराकार भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में रच दिया बड़ा इतिहास

टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम का विजयी अभियान शानदार अंदाज में जारी है. नामीबिया पर मिली जीत भारत की टी20 विश्व कप में लगातार 10वीं जीत रही.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम का विजयी अभियान शानदार अंदाज में जारी है. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने लगातार दो मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है. पहले मैच में अमेरिका को 32 रन से हराने के बाद भारत ने नामीबिया को 93 रन से करारी शिकस्त दी. अब सबकी निगाहें 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले पर टिकी हैं, जो कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. 

टी20 विश्व कप में लगातार 10वीं जीत

नामीबिया पर मिली जीत भारत की टी20 विश्व कप में लगातार 10वीं जीत रही. 2024 से 2026 के बीच भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया है. इस उपलब्धि के साथ भारत टी20 विश्व कप इतिहास में लगातार 10 मुकाबले जीतने वाली पहली टीम बन गया है. इससे पहले दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के नाम 8-8 लगातार जीत का रिकॉर्ड दर्ज था.

लगातार जीत के मामले में भारत अब शीर्ष पर पहुंच गया है. 2024-2026 के बीच 10 जीत के साथ भारत पहले स्थान पर है. इसके बाद दक्षिण अफ्रीका (8), ऑस्ट्रेलिया (8), इंग्लैंड (7) और 2012-2014 के दौरान भारत की 7 जीत का रिकॉर्ड शामिल है. यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है.

हार्दिक पांड्या की 52 रनों की पारी  

नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन बनाए. ईशान किशन ने 61 रनों की प्रभावशाली पारी खेली, जबकि हार्दिक पांड्या ने 52 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर स्कोर को मजबूती दी.

210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर ढेर हो गई. भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट झटके. अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या ने 2-2 विकेट लिए. अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह को एक-एक सफलता मिली. गेंदबाजों के सामूहिक प्रयास से भारत ने मुकाबला एकतरफा बना दिया और लगातार जीत का सिलसिला बरकरार रखा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag