IPL 2023: चेपॉक स्‍टेडियम में बेहद खास रिकॉर्ड बनाएंगे महेंद्र सिंह धोनी, चेन्नई सुपर किंग्स अपने कप्‍तान को देना चाहेगी जीत का तोहफा

चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी बुधवार 12 अप्रैल को राजस्‍थान रॉयल्‍स के खिलाफ एक बड़ा रिकॉर्ड बनाएंगे। महेंद्र सिंह धोनी के लिए खुशी की बात यह है कि यह मुकाबला घरेलू मैदान चेपॉक स्‍टेडियम में खेला जाएगा।

Dheeraj Dwivedi
Dheeraj Dwivedi

बुधवार 12 अप्रैल को राजस्‍थान रॉयल्‍स के खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी 200वीं बार चेन्‍नई सुपर किंग्‍स की कप्‍तानी करते हुए नजर आएंगे। चेन्‍नई सुपर किंग्‍स और राजस्‍थान रॉयल्‍स के बीच बुधवार 12 अप्रैल को IPL 2023 का 17वां मुकाबला चेन्नई एम. ए. चिदंबरम क्रिकेट स्‍टेडियम पर खेला जाएगा।

महेंद्र सिंह धोनी के लिए खुशी की बात यह होगी कि वो अपने घरेलू मैदान और घरेलू दर्शकों के सामने इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करेंगे। चेन्‍नई सुपर किंग्‍स की टीम 2008 से IPL का हिस्‍सा है। फ्रेंचाइजी को दो साल का बैन भी झेलना पड़ा और IPL के 13 सीजन में हिस्‍सा लिया। महेंद्र सिंह धोनी ने 13 सीजन में से 11 बार चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी कप्‍तानी में प्‍लेऑफ में पहुंचाया है।

महेंद्र सिंह धोनी का कप्‍तानी रिकॉर्ड -

महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स ने 4 बार IPL का खिताब जीता है। माही की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने रिकॉर्ड 9 बार IPL फाइनल में प्रवेश किया है। महेंद्र सिंह धोनी ने अब तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 199 मुकाबलों में कप्‍तानी की है, जिसमें से चेन्नई ने 120 मुकाबले जीते हैं। धोनी की अगुआई में चेन्नई सुपर किंग्स का विजयी प्रतिशत 60.61 है। इस दौरान माही ने 4000 से ज्‍यादा रन बनाए हैं, जिसमें 22 अर्धशतक भी शामिल हैं।

स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने दिया बड़ा बयान -

महेंद्र सिंह धोनी के स्‍पेशल मुकाबले को चेन्नई सुपर किंग्स के स्‍टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने कहा कि टीम अपने कप्‍तान को जीत का तोहफा देना चाहेगी। जडेजा के हवाले से चेन्नई सुपर किंग्स की आधिकारिक वेबसाइट ने कहा कि, "मैं क्‍या कह सकता हूं। वो भारतीय क्रिकेट के लीजेंड हैं। तो मैं उन्‍हें गुड लक विश करना चाहूंगा। उम्‍मीद करता हूं उनके 200वें मैच में हम चेपॉक में जीत दर्ज करें ताकि सभी फैंस खुश हो जाएं।"

रविंद्र जडेजा ने आगे कहा कि, '"हमें उम्‍मीद है कि महेंद्र सिंह धोनी को कप्‍तानी के 200वें मुकाबले में जीत का तोहफा दें।' पता हो कि महेंद्र सिंह धोनी ने IPL और CLT20 (चैंपियंस लीग टी20) में कुल मिलाकर 222 मुकाबलों में चेन्‍नई आधारित फ्रेंचाइजी का नेतृत्‍व किया है, जिसमें चेन्नई ने 134 मुकाबले जीते।

महेंद्र सिंह धोनी ने दो बार चेन्नई की टीम को चैंपियंस लीग टी20 खिताब भी जिताया है। महेंद्र सिंह धोनी ने चैंपियंस लीग टी20 में चेन्नई सुपर किंग्स की 23 मुकलों में कप्‍तानी की है, जिसमें चेन्नई की टीम ने 14 मुकाबले जीते है।

calender
12 April 2023, 05:36 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो