IPL 2026 के लिए RCB ने इस स्टेडियम को बनाया अपना नया होम ग्राउंड, बेंगलुरु में भी खेलेगी 5 मुकाबले
RCB फैंस के लिए एक बड़ी जानकारी सामने आई है. फ्रेंचाइजी ने ऐलान किया है कि इस साल भी RCB अपना मैच घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में खेलेगी.

IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आज मंगलवार को घोषणा करते हुए बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में उनकी टीम अपने सात घरेलू मैचों में से पांच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में खेलेगी. यह फैसला फ्रेंचाइजी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह उनका मुख्य घरेलू मैदान है.
पिछले साल RCB ने आईपीएल का खिताब जीता था, लेकिन जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी. इसके बाद से यहां कोई बड़ा क्रिकेट मैच नहीं हुआ. अब सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने के बाद टीम वापस लौट रही है.
लंबी कोशिशों के बाद मिली मंजूरी
RCB ने कई महीनों तक कर्नाटक सरकार, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) और पुलिस के साथ मिलकर काम किया. सभी जरूरी अनुमतियां और सुरक्षा के इंतजाम पूरे करने के बाद यह निर्णय लिया गया. फ्रेंचाइजी ने इन सभी पक्षों का धन्यवाद किया है.
कर्नाटक सरकार ने पहले ही स्टेडियम को आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए मंजूरी दे दी थी, लेकिन अंतिम फैसला RCB का था. अब टीम के प्रशंसक अपने घरेलू मैदान पर अपनी पसंदीदा टीम को देख सकेंगे.
सीईओ राजेश मेनन का बयान
आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने कहा, “एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम सिर्फ मैदान नहीं है, यह हमारी टीम की पहचान है. बेंगलुरु के प्रशंसकों की ऊर्जा हमारे खिलाड़ियों को हर मैच में प्रेरित करती है. हमारे फैंस ने हमेशा साथ दिया है और वे अपनी टीम को घरेलू मैदान पर खेलते देखने के हकदार हैं.” उन्होंने आगे कहा कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पांच मैच बेंगलुरु में होंगे.
बाकी दो मैच रायपुर में होंगे
आरसीबी के बाकी दो घरेलू मैच शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में खेले जाएंगे. यह पहले से तय समझौते के अनुसार होगा. फ्रेंचाइजी ने कहा कि सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के सामूहिक प्रयासों से यह संभव हुआ है.
उद्घाटन मैच की संभावना
चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल 2026 का पहला मैच 28 मार्च को होने की संभावना है. मौजूदा चैंपियन आरसीबी इस सीजन का उद्घाटन मैच खेलेगी. प्रतिद्वंदी का नाम बीसीसीआई द्वारा शेड्यूल जारी होने पर पता चलेगा, जो इस सप्ताह के अंत में आने वाला है. आरसीबी के इस फैसले से बेंगलुरु के करोड़ों प्रशंसक खुश हैं.


