26 से नहीं 28 मार्च से शुरू होगा IPL 2026, बेंगलुरु में होगी ओपनिंग, जानिए BCCI की नई उपडेट
आईपीएल 2026 को लेकर नई उपडेट सामने आ गई है. 26 मार्च की जगह 28 मार्च को मुकाबले की शुरुआत होगी. साथ ही यह मुकाबला बेंगलुरु एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुरू होगा.

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन अब बस कुछ दिनों में शुरू होने वाला है. रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 का टूर्नामेंट 28 मार्च से 31 मई तक चलने का फैसला किया है. उद्घाटन मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के घरेलू मैचों का बड़ा हिस्सा खेला जाएगा. फाइनल भी इसी मैदान पर होगा.
शेड्यूल दो चरणों में जारी होगा
बीसीसीआई ने पूरा शेड्यूल एक साथ जारी नहीं किया है. असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने के कारण कार्यक्रम दो भागों में आने की उम्मीद है. पहले चरण में शुरुआती 15-20 दिनों के मैचों की सूची जारी होगी, जो लगभग मिड-अप्रैल तक चलेगी. बाकी मैचों, प्लेऑफ और फाइनल का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा.
यह तरीका पहले भी अपनाया गया है. 2024 में लोकसभा चुनावों के समय भी बीसीसीआई ने शेड्यूल चरणबद्ध तरीके से जारी किया था, ताकि मतदान की तारीखों से कोई टकराव न हो और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रहे. चुनाव आयोग के मतदान कार्यक्रम आने के बाद ही बाकी फिक्स्चर तय होंगे.
IPL 2026 शेड्यूल
आईपीएल 2026 के मैचों का शेड्यूल आज 8 मार्च को जारी होने वाला था, हालांकि अब तारीख में बदलाव कर दी गई है. अब सोमवार, 9 मार्च को शाम 6:00 बजे पहला शेड्यूल जारी किया जाएगा.
🚨 Announcement 🚨
Get ready! #TATAIPL2026 is all set to start from the 28th of MARCH! pic.twitter.com/RF4Ixvo1J5
— Star Sports (@StarSportsIndia) March 8, 2026
चुनाव प्रभावित राज्यों के मैदान
पश्चिम बंगाल के ईडन गार्डन्स (कोलकाता नाइट राइडर्स का घर), तमिलनाडु के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेन्नई सुपर किंग्स का घर) और असम के बारसापारा स्टेडियम (राजस्थान रॉयल्स का दूसरा घरेलू मैदान) चुनावों से प्रभावित हो सकते हैं. इन जगहों पर मैचों की तारीखें चुनाव तिथियों के आधार पर तय की जाएंगी.
आरसीबी और आरआर के घरेलू मैदान
आरसीबी ने सात घरेलू मैचों में से पांच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलने की पुष्टि की है. बाकी दो मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे. यह फैसला पहले से तय प्रतिबद्धताओं के कारण लिया गया है.
उद्घाटन मैच, एक प्लेऑफ और फाइनल चिन्नास्वामी में ही होंगे. राजस्थान रॉयल्स भी गुवाहाटी को अपना दूसरा घरेलू मैदान इस्तेमाल कर सकती है, लेकिन असम चुनावों के कारण इसमें बदलाव संभव है.


