हमारी फ्लाइट्स बुक हैं, हम जा रहे...T20 वर्ल्ड कप से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के बायकॉट ड्रामे पर बोले सूर्यकुमार यादव
मुंबई में T20 वर्ल्ड कप से पहले गुरुवार को हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर दो टूक बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को लेकर हमारा का रुख पूरी तरह से स्पष्ट है. हमने कभी भी उनके खिलाफ खेलने से मना नहीं किया है.

स्पोर्ट्स : टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर उठ रही अनिश्चितता पर भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट रुख जाहिर किया है. मुंबई में आयोजित कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्या ने कहा कि भारत का रवैया पूरी तरह साफ है और टीम ने कभी पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना नहीं किया. उन्होंने जोर देकर कहा कि इनकार पाकिस्तान की ओर से आया है, जबकि भारतीय टीम अपनी उड़ानें बुक कर चुकी है और कोलंबो जा रही है.
सूर्या ने बताया कि टीम पहले अमेरिका से मुकाबला करेगी, फिर अन्य मैच खेलेगी और उसके बाद कोलंबो पहुंचेगी.यह बयान ऐसे समय में आया जब पाकिस्तान सरकार ने भारत के साथ निर्धारित मैच (15 फरवरी, कोलंबो में) का बहिष्कार करने का फैसला किया है, जिसे वे बांग्लादेश के साथ एकजुटता के रूप में देख रहे हैं.
हालांकि, भारत आईसीसी के शेड्यूल का पालन करेगा और मैच के लिए तैयार रहेगा.ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड, नामीबिया और अमेरिका शामिल हैं, जो शुरुआत से ही रोमांचक मुकाबलों का वादा करता है. भारत और पाकिस्तान के बीच का सामना हमेशा हाई-वोल्टेज होता है, जबकि अन्य टीमें ग्रुप को संतुलित बनाती हैं.
हर टीम के पास 4-5 मैच विनर खिलाड़ी मौजूद...राशिद खान
अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने कहा कि आईपीएल में खेलने से सिर्फ अफगान खिलाड़ियों को ही नहीं, बल्कि सभी टीमों को फायदा हुआ है. अब अफगानिस्तान से उम्मीदें बहुत बढ़ गई हैं, क्योंकि हर टीम के पास 4-5 मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं.नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने इस विश्व कप को अपनी टीम के लिए ऐतिहासिक करार दिया. उन्होंने बताया कि 20 साल से अधिक समय बाद नेपाल विश्व कप खेल रहा है, जो अगली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा. हाल में वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है.
हर टीम में मैच जिताने वाले खिलाड़ी मौजूद...रिची बेरिंगटन
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने ओस को एक्स फैक्टर बताते हुए कहा कि भारत की पिचों पर बड़े स्कोर संभव हैं. टीम प्रक्रिया पर फोकस कर रही है और शांत रहकर खेल को नियंत्रित करने की कोशिश करेगी.स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंगटन ने माना कि इस फॉर्मेट में हर टीम खतरनाक है. किसी को भी हल्के में नहीं लिया जा सकता, क्योंकि हर टीम में मैच जिताने वाले खिलाड़ी मौजूद हैं.कुल मिलाकर, कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस ने विश्व कप की तैयारियों और चुनौतियों पर रोशनी डाली, जहां भारत मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ रहा है.


