एक हफ्ते के अंदर दूसरी बार रिंकू सिंह से मिलने पहुंचीं प्रिया सरोज, देखें वीडियो
9 सितंबर से एशिया कप 2025 की शुरुआत होने जा रही है. हालांकि, अभी टीम की अभी घोषणा नहीं हुई है, लेकिन रिकू सिंह जमकर अभ्यास कर रहे हैं. अभ्यास के दौरान 13 अगस्त को उनकी मंगेतर और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज मैदान में उनसे मिलने पहुंचीं.

Rinku Singh: 9 सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया की घोषणा अभी बाकी है, लेकिन खिलाड़ी लगातार अभ्यास में जुटे हैं. स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह भी तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ रहे. इसके साथ ही वह 17 अगस्त से शुरू होने वाली यूपी T20 लीग में भी खेलेंगे, जिसमें वह मेरठ मेवरिक्स टीम का हिस्सा होंगे. टीम इस समय नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अभ्यास मैच खेल रही है, जहां रिंकू बल्ले से शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं.
मैदान में रिंकू से मिलने पहुंचीं सांसद प्रिया सरोज
अभ्यास के दौरान 13 अगस्त को उनकी मंगेतर और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज मैदान में पहुंचीं. उन्होंने रिंकू का हौसला बढ़ाया और अभ्यास मैच को नजदीक से देखा. यह एक हफ्ते में दूसरा मौका था जब प्रिया सरोज रिंकू से मिलने आईं. पहली बार जब वह मैदान में पहुंची थीं, तो उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था. इसमें वह बेहद सादगी भरे अंदाज में सूट और दुपट्टा पहने नजर आईं, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया.
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई इसी साल 8 जून को लखनऊ में हुई थी. जल्द ही दोनों की शादी वाराणसी में होने वाली है. व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ रिंकू अपने पेशेवर करियर पर भी फोकस कर रहे हैं. IPL 2025 के बाद से उन्होंने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि एशिया कप 2025 के लिए उनका चयन होगा.
9 सितंबर से शुरू होगा एशिया कप
रिंकू इन दिनों नेट्स और प्रैक्टिस मैचों में जमकर चौके-छक्के लगा रहे हैं, ताकि टूर्नामेंट से पहले फॉर्म में वापसी कर सकें. एशिया कप इस बार UAE में 9 सितंबर से शुरू होगा, जिसमें टीम इंडिया का ऐलान 19 या 20 अगस्त को होने की संभावना है. फैंस को भी रिंकू के चयन का इंतजार है, क्योंकि IPL में उनके प्रदर्शन ने उन्हें देश के भरोसेमंद फिनिशर्स में शामिल कर दिया है.
प्रिया सरोज का लगातार मैदान पर आकर रिंकू को सपोर्ट करना, इस कपल को खेल और राजनीति दोनों जगत में चर्चा का विषय बना रहा है. दोनों की बॉन्डिंग और रिंकू का मैदान पर जोश, फैंस के लिए प्रेरणा और रोमांच का मेल पेश कर रहा है.


