12 करोड़ के नुकसान के साथ ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में हुई वापसी, कुलदीप यादव LSG में होंगे शामिल

दो सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ रहने के बाद ऋषभ पंत अब अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में लौट रहे हैं। इसके बदले कुलदीप यादव LSG का हिस्सा बनेंगे।

calender

नई दिल्ली: IPL की सबसे बड़ी ट्रेड डील्स में से एक फाइनल हो गई है। दो सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ रहने के बाद ऋषभ पंत अब अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में लौट रहे हैं। इसके बदले कुलदीप यादव LSG का हिस्सा बनेंगे।  

सैलरी में 44 फीसदी कटौती कर लौटे पंत   

IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे ऋषभ पंत ने अपनी फीस में बड़ी कटौती की है। LSG में उन्हें 27 करोड़ रुपये मिल रहे थे, अब दिल्ली में वह 15 करोड़ रुपये पर खेलेंगे। यानी करीब 12 करोड़ रुपये की कमी।  

2024 की नीलामी में LSG ने दिल्ली को पछाड़कर पंत को खरीदा था। तब मालिक संजीव गोयनका ने कहा था कि पंत 15 साल तक टीम के साथ रह सकते हैं और उन्हें 4-5 खिताब जिता सकते हैं। लेकिन हकीकत कुछ और ही रही।  

LSG में दो सीजन रहे फ्लॉप   

लखनऊ के साथ पंत का सफर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पहले सीजन में उन्होंने सिर्फ 269 रन बनाए, जबकि दिल्ली में आखिरी सीजन में 446 रन ठोके थे। दूसरे सीजन में 138 के स्ट्राइक रेट से 312 रन बनाए, लेकिन बैटिंग ऑर्डर में लगातार ऊपर नीचे होने से लय नहीं बना पाए।  

ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में भी वह सहज नहीं दिखे और टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए। अब वह दिल्ली कैपिटल्स में वापसी कर रहे हैं, जहां 2016 से 2024 के बीच उन्होंने 111 मैच खेले। यह किसी भी खिलाड़ी द्वारा DC के लिए सबसे ज्यादा मैच हैं। 2021 से 2024 तक वह 43 मैचों में टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं।  

अब LSG के साथ होंगे कुलदीप यादव    

दिल्ली छोड़ने वाले कुलदीप यादव का पिछला सीजन कुछ खास नहीं रहा। 12 मैचों में सिर्फ 10 विकेट ले पाए। लेकिन दिल्ली के साथ पांच साल का उनका सफर अच्छा रहा। 2022 में टीम से जुड़ने के बाद उन्होंने 65 मैचों में 72 विकेट लिए और सबसे असरदार स्पिनरों में गिने गए।  

कोलकाता नाइट राइडर्स से बाहर होने के बाद दिल्ली में ही कुलदीप ने करियर को नई दिशा दी। अब वह 13.50 करोड़ रुपये की फीस पर लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ेंगे।  

क्या पंत फिर से लय पकड़ पाएंगे    

पंत की वापसी दिल्ली के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकती है। पिछले सीजन टीम को KL राहुल के साथ पक्का ओपनिंग पार्टनर नहीं मिला था। पंत मिडिल ऑर्डर में भी खेल सकते हैं, जिससे ट्रिस्टन स्टब्स को नीचे भेजकर फिनिशिंग मजबूत की जा सकती है। दिलचस्प बात यह है कि अक्टूबर 2024 में पंत ने खुद ट्वीट कर पूछा था कि अगर वह नीलामी में आते हैं तो बिकेंगे या नहीं।

तब DC के को-ओनर पार्थ जिंदल ने कहा था कि पंत को रिटेन किया जाएगा। लेकिन हुआ उल्टा, पंत नीलामी में गए और LSG ने 21 करोड़ में खरीद लिया। अब देखना होगा कि घर वापसी के बाद पंत अपना IPL करियर फिर से पटरी पर ला पाते हैं या नहीं।   First Updated : Tuesday, 23 June 2026

Topics :