IPL 2026 में 'छक्का' लगाएगी मुंबई इंडियंस! रोहित शर्मा ने फैंस से किया बड़ा वादा
बीते शाम हुए Mix इवेंट में रोहित शर्मा ने अपने फैंस से एक बड़ा और धमाकेदार वादा किया है. उन्होंने साफ-साफ कहा आप ऐसे ही सपोर्ट करते रहिए, इस बार छठी ट्रॉफी अपने पैसा आने वाली है.

IPL 2026: मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए एक खुशी भरा पल था, जब रोहित शर्मा ने माइक थामा और जोरदार अंदाज में कहा, "इस बार नंबर 6 आपके पास." भीड़ में खुशी की लहर दौड़ गई और तालियां गूंज उठीं. दरअसल यह बात रोहित ने एक इवेंट के दौरान अपने फैंस से की है.
MI Mix इवेंट में रोहित का धमाकेदार संबोधन
शनिवार को जियो वर्ल्ड गार्डन में मुंबई इंडियंस ने 'MI Mix' नाम का एक शानदार इवेंट आयोजित किया. इस मौके पर रोहित शर्मा के साथ सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या भी मौजूद थे. रोहित ने फैंस से कहा, "मैं अपनी पूरी टीम की तरफ से आप सबका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. हर साल की तरह हमें सपोर्ट करते रहिए. हमें यह बहुत पसंद है और बदले में हम कोशिश करेंगे कि इस बार ट्रॉफी नंबर 6 आपके लिए लाकर रख दें. इस बार नंबर 6 आपके पास लाकर रखेंगे."
"Iss baar, number 6️⃣!" 💙🤞 pic.twitter.com/zTZ4BwIzcY
— Mumbai Indians (@mipaltan) March 21, 2026
रोहित के इन शब्दों ने फैंस को जोश से भर दिया. मुंबई इंडियंस ने अब तक IPL में 5 बार खिताब जीता है - 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में. ये सभी जीत रोहित की कप्तानी में आई, लेकिन पिछले पांच सालों से टीम ट्रॉफी से दूर है. अब IPL 2026 में फैंस को उम्मीद है कि रोहित का वादा पूरा होगा और टीम छठा खिताब जीतेगी.
क्या मुंबई इंडियंस IPL की सबसे बड़ी टीम है?
पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान का मानना है कि मुंबई इंडियंस IPL इतिहास की सबसे महान टीम है, भले ही चेन्नई सुपर किंग्स के भी 5 खिताब हों. पठान ने कहा कि MI ने भारतीय क्रिकेट में ज्यादा योगदान दिया है. टीम ने जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, ईशान किशन और तिलक वर्मा जैसे कई मैच विनर खिलाड़ी तैयार किए हैं.
पठान बोले, "CSK ने 2010 से जीतना शुरू किया और लगातार दो बार जीती, लेकिन मुंबई ने 2013 से हर दो साल बाद खिताब जीता और 2019-2020 में बैक-टू-बैक जीत हासिल की. MI ने भारतीय टीम के लिए इतने शानदार खिलाड़ी दिए हैं. CSK के पास चार भारतीय कप्तान नहीं हैं, लेकिन MI के पास है. इसलिए मुझे लगता है MI थोड़ा आगे है."
फैंस के लिए यह इवेंट सिर्फ मनोरंजन नहीं था, बल्कि टीम के प्रति नई उम्मीद जगाने वाला था. रोहित, हार्दिक और सूर्यकुमार की मौजूदगी ने माहौल को और भी रोमांचक बना दिया. अब सबकी नजरें IPL 2026 पर टिकी हैं, जहां मुंबई इंडियंस छठी ट्रॉफी के लिए मैदान में उतरेगी.


