भारत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने एक बार फिर अपनी शानदार बल्लेबाजी से देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है. श्रीलंका के खिलाफ वनडे ट्राई-सीरीज के फाइनल मुकाबले में मंधाना ने शतक जड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में उन्होंने 13 चौके और 2 छक्कों की मदद से शानदार 116 रन बनाए.
इस पारी के दौरान उन्होंने महिला क्रिकेट के इतिहास में एक नया मुकाम हासिल किया. मंधाना अब वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली महिला बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं. उनसे आगे अब केवल ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग और न्यूजीलैंड की सूज़ी बेट्स हैं.
फाइनल मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और मंधाना की आक्रामक शुरुआत ने टीम को शानदार प्लेटफॉर्म दिया. हालांकि, उनकी ओपनिंग पार्टनर प्रतिका रावत 15वें ओवर में इनोका राणावीरा की गेंद पर 30 रन बनाकर आउट हो गई. इसके बाद मंधाना ने हर्लीन देओल के साथ मिलकर पारी को मजबूती दी. जब मंधाना ने अपना शतक पूरा किया, तो उन्होंने हेलमेट उठाकर जश्न मनाया और तुरंत दौड़कर हर्लीन देओल को गले लगा लिया.
इस शतक के साथ मंधाना के नाम अब महिला वनडे क्रिकेट में कुल 12 शतक हो गए हैं. वो इसमें सिर्फ मेग लैनिंग (15) और सूज़ी बेट्स (13) से पीछे हैं. खास बात तो ये भी रही कि मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला शतक लगाया और इसी के साथ उनके इस विरोधी के खिलाफ 600 रन भी पूरे हो गए.
मंधाना के अलावा हर्लीन देओल (47), कप्तान हरमनप्रीत कौर (41) और जेमिमा रॉड्रिग्स (44) ने भी अहम योगदान दिया. भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 342/7 का स्कोर खड़ा किया. मंधाना को देवमी विहांगा ने आउट किया लेकिन तब तक वो टीम के लिए ठोस नींव रख चुकी थी. भारत ने इस तीन देशों की सीरीज में कुल 4 मुकाबले खेले, जिनमें से 3 में जीत हासिल की और एक हार श्रीलंका के खिलाफ मिली. वहीं श्रीलंका ने दो मैच जीते और दो हारे. दक्षिण अफ्रीका की टीम सिर्फ एक मैच जीत सकी और अंक तालिका में सबसे नीचे रही.
गौरतलब है कि इस हाई-वोल्टेज फाइनल मैच का भारत में टेलीविजन पर प्रसारण नहीं किया गया, लेकिन FanCode ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रही.
भारत: प्रतिका रावत, स्मृति मंधाना, हर्लीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, श्री चरनी, क्रांति गौड़
श्रीलंका: हसीनी परेरा, विष्मी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), पिउमी बदालगे, निलाक्षी डीसिल्वा, अनुश्का संजीवानी, देवमी विहांगा, सुगंदिका कुमारी, माल्की मदारा, इनोका राणावीरा First Updated : Sunday, 11 May 2025