श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 से विकेट से हराया, निशंका रहे मैच के हीरो, सुपर-8 में जगह पक्की

टी20 विश्व कप 2026 में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया. इस जीत के हीरो पाथुम निसंका रहे.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

टी20 विश्व कप 2026 में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया. इस जीत के हीरो पाथुम निसंका रहे, जिन्होंने विस्फोटक शतक लगाकर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई. इस हार के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम टूर्नामेंट से बाहर होने के बेहद करीब पहुंच गई है, जबकि श्रीलंका ग्रुप बी से सुपर-8 में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गई है.

ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 181 रन बनाए

पल्लेकेले में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 181 रन बनाए. टीम की शुरुआत अच्छी रही और ओपनर्स ने मजबूत नींव रखने की कोशिश की, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. शुरुआती बल्लेबाजों के अर्धशतकों के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल नहीं हो सकी और निर्धारित ओवरों में 181 रन तक ही सीमित रह गई.

182 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की. पाथुम निसंका ने शानदार लय में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 52 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए. अपनी इस यादगार पारी में उन्होंने 10 चौके और 5 छक्के लगाए. उनकी इस शानदार बल्लेबाजी के दम पर श्रीलंका ने लक्ष्य को मात्र 18 ओवर में हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया.

निसंका के अलावा कुसल मेंडिस ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने 38 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और एक छक्का शामिल था. पवन रत्ननायके ने भी तेजतर्रार अंदाज में 15 गेंदों पर 28 रन बनाकर टीम की जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई. इन बल्लेबाजों के संयुक्त प्रयास से श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को पूरी तरह दबाव में रखा.

टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज

इस शतक के साथ पाथुम निसंका टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. ग्रुप स्टेज के तीन मैचों में उनके नाम अब 137 रन हो चुके हैं, जिसमें एक शतक शामिल है. इससे पहले उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 24 और ओमान के खिलाफ 13 रन बनाए थे. साथ ही, वह श्रीलंका के लिए टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ महेला जयवर्धने ने हासिल की थी.

इस जीत के साथ श्रीलंका ने न सिर्फ सुपर-8 में अपनी जगह पक्की की, बल्कि टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी भी पेश कर दी. वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम अब टूर्नामेंट से बाहर होने के खतरे का सामना कर रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag