टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर 8 की जंग हुई रोमांचक, ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तान की भी सांसे अटकी

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 30 मैचों के बाद तस्वीर दिलचस्प हो गई है. पांच टीमें सुपर 8 में पहुंच चुकी हैं, पांच बाहर हो गई हैं, जबकि बाकी टीमें अगले दौर की तीन जगहों के लिए कड़ी टक्कर दे रही हैं.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जा रहा आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. टूर्नामेंट के 10 दिन पूरे हो चुके हैं और लीग चरण के 30 मुकाबले खेले जा चुके हैं. जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ रहे हैं, पॉइंट्स टेबल की तस्वीर और साफ होती जा रही है, लेकिन कई ग्रुप में अभी भी सुपर 8 की दौड़ बेहद दिलचस्प बनी हुई है.

लीग फेज में कुल 40 मैच होने हैं. अब तक 5 टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं, जबकि 5 टीमों ने सुपर 8 में जगह पक्की कर ली है. बाकी 10 टीमें अभी भी अगले दौर में पहुंचने की जंग लड़ रही हैं. खास बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान जैसी बड़ी टीमें भी इस संघर्ष का हिस्सा हैं.

ग्रुप ए: भारत आगे, नामीबिया बाहर

ग्रुप ए में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर 8 का टिकट हासिल कर लिया है. दूसरी ओर नामीबिया लगातार तीन हार के बाद बाहर हो चुकी है. इस ग्रुप में अमेरिका दूसरे स्थान पर है, जिसने चार में से दो मुकाबले जीते हैं. पाकिस्तान तीन में से दो जीत के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है. नीदरलैंड्स ने एक जीत दर्ज की है और वह चौथे पायदान पर है. आखिरी स्थान पर नामीबिया है, जिसकी उम्मीदें खत्म हो चुकी हैं.

ग्रुप बी: श्रीलंका की दमदार एंट्री

ग्रुप बी की स्थिति भी लगभग ग्रुप ए जैसी ही है. यहां श्रीलंका ने तीन जीत दर्ज कर सुपर 8 में जगह बना ली है. वहीं ओमान तीन हार के साथ बाहर हो गया है. जिम्बाब्वे ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया है. ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड ने तीन-तीन मैचों में एक-एक जीत दर्ज की है और वे क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं. इस ग्रुप में अभी दूसरे स्थान के लिए मुकाबला रोचक बना हुआ है.

ग्रुप सी: तस्वीर साफ

ग्रुप सी से वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने सुपर 8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है. दोनों टीमों ने लगातार अच्छा खेल दिखाया और शीर्ष दो स्थान सुरक्षित कर लिए. स्कॉटलैंड और इटली ने एक-एक मैच जीता, लेकिन वह पर्याप्त नहीं रहा. नेपाल को तीनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा. इन टीमों का सफर यहीं खत्म हो गया है.

ग्रुप डी: अभी बाकी है रोमांच

ग्रुप डी में अब तक सिर्फ दक्षिण अफ्रीका ने सुपर 8 में जगह बनाई है. बाकी चार टीमें अभी भी दौड़ में बनी हुई हैं. अगर न्यूजीलैंड अपने अगले मैच में कनाडा को हरा देता है तो वह भी अगले दौर में पहुंच जाएगा. ऐसी स्थिति में अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा के लिए रास्ता बंद हो सकता है. हालांकि अगर कनाडा उलटफेर करता है तो पॉइंट्स टेबल की गणित पूरी तरह बदल सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag