रूस को बड़ा झटका! यूक्रेन ने तबाह किया एयर डिफेंस सिस्टम, अमेरिका देगा नया सुरक्षा पैकेज
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने रूस के पैंट्सिर एयर डिफेंस सिस्टम को भारी नुकसान पहुंचाया है.वहीं अमेरिका से नए सुरक्षा पैकेज मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. लेकिन इसी बीच घरेलू राजनीति में उठे विवादों ने राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

नई दिल्ली: रूस-यूक्रेन युद्ध के चार साल पूरे होने से ठीक पहले जंग का मैदान और सियासी गलियारे दोनों गर्म हैं. यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने रूस की आधुनिक एयर डिफेंस प्रणाली पैंट्सिर के बड़े हिस्से को नष्ट कर दिया है. वहीं दूसरी ओर अमेरिका और यूरोपीय देशों से यूक्रेन को नए सैन्य सहायता पैकेज मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिनमें एयर डिफेंस मिसाइलें प्रमुख होंगी.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने 15 फरवरी को अपने शाम के संबोधन में कहा कि म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में हुई बैठकों के बाद यूक्रेन को जल्द ही नए सहायता पैकेज मिलेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस समय देश की सुरक्षा को मजबूत करना सर्वोच्च प्राथमिकता है, खासकर बैलिस्टिक मिसाइलों से बचाव के लिए.
जल्द मिलेंगे नए सहायता पैकेज
जेलेंस्की ने कहा कि आने वाले सहायता पैकेजों में एयर डिफेंस सिस्टम के लिए मिसाइलें सबसे अहम होंगी. उन्होंने यह भी बताया कि बर्लिन फॉर्मेट के नेताओं के साथ ऊर्जा और सैन्य सहयोग के विशेष पैकेज पर सहमति बन चुकी है.
इन पैकेजों के 24 फरवरी तक मिलने की उम्मीद है, जिस दिन रूस के यूक्रेन पर हमले को चार वर्ष पूरे हो जाएंगे. राष्ट्रपति ने दोहराया कि मौजूदा हालात में यूक्रेन की रक्षा क्षमता को मजबूत करना बेहद जरूरी है.
जर्मनी दौरे में बड़े नेताओं से मुलाकात
हाल ही में जेलेंस्की ने जर्मनी का दौरा किया, जहां उन्होंने कई वैश्विक नेताओं से बातचीत की. इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो सहित अन्य प्रतिनिधियों से भी उनकी मुलाकात हुई.
इन बैठकों का मुख्य एजेंडा यूक्रेन के लिए सैन्य और ऊर्जा सहायता को लेकर सहयोग बढ़ाना था.
SBU का दावा: रूस के पैंट्सिर सिस्टम को भारी नुकसान
यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) की अल्फा यूनिट ने दावा किया है कि उसने रूस की आधुनिक पैंट्सिर एयर डिफेंस प्रणाली के लगभग आधे भंडार को नष्ट कर दिया है.
SBU के अनुसार पैंट्सिर रूस की प्रमुख और अत्याधुनिक वायु रक्षा प्रणाली है. इसकी एक यूनिट की कीमत लगभग 15 से 20 मिलियन डॉलर तक बताई जाती है.
क्या है पैंट्सिर एयर डिफेंस सिस्टम?
पैंट्सिर सिस्टम रूस की उन्नत वायु रक्षा प्रणाली है, जो यूक्रेन के खिलाफ प्रभावी प्रदर्शन करती रही है. यह प्रणाली मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने में सक्षम मानी जाती है.
SBU ने कहा कि इन प्रणालियों को व्यवस्थित रूप से नष्ट करने का रणनीतिक उद्देश्य रूस को लंबी दूरी के हमलों के प्रति अधिक असुरक्षित बनाना है, ताकि युद्ध में बढ़त हासिल की जा सके.
घरेलू मोर्चे पर भी बढ़ी मुश्किलें
जहां एक ओर युद्ध के मोर्चे पर यूक्रेन आक्रामक रणनीति अपनाए हुए है, वहीं देश के भीतर भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. यूक्रेन के पूर्व ऊर्जा मंत्री हरमन हलुशचेंको को उस समय हिरासत में लिया गया, जब वे देश छोड़ने की कोशिश कर रहे थे.
फॉक्स न्यूज के हवाले से बताया गया कि उन्हें सीमा पर ट्रेन से उतारकर गिरफ्तार किया गया. यह कार्रवाई यूक्रेन की नेशनल एंटी-करप्शन ब्यूरो और स्पेशल एंटी-करप्शन प्रॉसिक्यूटर ऑफिस के अनुरोध पर की गई. सूत्रों के अनुसार, सीमा सुरक्षा बलों को पहले से निर्देश दिए गए थे कि यदि हलुशचेंको देश छोड़ने का प्रयास करें तो उन्हें रोका जाए.
क्या जेलेंस्की के करीबी थे हलुशचेंको?
सूत्रों का दावा है कि हरमन हलुशचेंको को राष्ट्रपति जेलेंस्की का करीबी माना जाता था. यदि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध होते हैं, तो यह राष्ट्रपति के लिए राजनीतिक रूप से असहज स्थिति पैदा कर सकता है.
रिपोर्ट के मुताबिक इन घटनाओं के बीच यूक्रेन की संसद में भी तनाव बढ़ा है. सूत्रों ने दावा किया कि हाल के दिनों में राष्ट्रपति जेलेंस्की तनाव में दिखाई दिए और कुछ मुद्दों पर सांसदों से नाराज भी हुए.
हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.


