साउथ अफ्रीका की जीत तय! विराट कोहली का 6 साल पुराना ट्वीट वायरल, एडन मार्करम पर की थी खास टिप्पणी

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल में साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज एडन मार्करम ने कमाल की पारी खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ा और अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत की दहलीज पर ला खड़ा किया. इसी बीच विराट कोहली का एक पुराना ट्वीट वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने सालों पहले मार्करम की तारीफ की थी.

calender

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल में एडन मार्करम की शानदार सेंचुरी ने साउथ अफ्रीका को ऐतिहासिक जीत के बेहद करीब ला दिया है. इसी बीच सोशल मीडिया पर विराट कोहली का एक पुराना ट्वीट वायरल हो गया है, जो उन्होंने साल 2018 में मार्करम की बैटिंग की तारीफ में किया था. अब जब मार्करम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में शतक ठोक दिया, तो फैंस ने उस ट्वीट को फिर से ज़िंदा कर दिया.

तीसरे दिन के खेल के बाद मार्करम 102 रन बनाकर नाबाद लौटे और कप्तान टेम्बा बावुमा (65*) के साथ मिलकर 143 रनों की अविजित साझेदारी कर साउथ अफ्रीका को जीत की दहलीज़ पर पहुंचा दिया. चौथे दिन टीम को जीत के लिए सिर्फ 69 रनों की ज़रूरत है और हाथ में 8 विकेट बाकी हैं.

एडन मार्करम की बल्लेबाजी से पलटा मैच का रुख

तीसरे दिन की शुरुआत साउथ अफ्रीका के लिए अच्छी नहीं रही थी. जोश हेज़लवुड और मिचेल स्टार्क ने आखिरी विकेट के लिए 59 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 281 तक पहुंचा दिया और साउथ अफ्रीका को 282 रनों का टारगेट मिला. उस समय तक ऑस्ट्रेलिया मैच में मजबूत स्थिति में था, लेकिन एडन मार्करम की पारी ने बाजी पलट दी.

उन्होंने 159 गेंदों पर 102 रन ठोकते हुए ऑस्ट्रेलियाई बॉलिंग अटैक की बखिया उधेड़ दी. दूसरी ओर कप्तान टेम्बा बावुमा, जो हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे हैं, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और 65 रनों की नाबाद पारी खेली.

विराट कोहली का पुराना ट्वीट वायरल

मार्करम की इस यादगार पारी के बाद विराट कोहली का एक 6 साल पुराना ट्वीट वायरल हो गया है. ये ट्वीट साल 2018 में केपटाउन टेस्ट के दौरान किया गया था, जिसमें कोहली ने मार्करम की 84 रन की पारी के बाद लिखा था, 'एडन मार्करम को खेलते देखना वाकई आनंददायक है.' इस ट्वीट को फैंस ने सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया और कहा कि कोहली की नज़र बहुत दूर तक देखती है.

मार्करम ने तोड़े कई रिकॉर्ड

मार्करम की यह सेंचुरी कई मायनों में ऐतिहासिक रही. वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज़ बने हैं. उनसे पहले स्टीव स्मिथ और ट्रैविस हेड ही यह कारनामा कर पाए हैं. चौथी पारी में सेंचुरी जड़ने वाले वह पहले खिलाड़ी बने हैं.यह उनके करियर की चौथी पारी में तीसरी सेंचुरी थी, जिससे उन्होंने एबी डिविलियर्स (2 सेंचुरी) को पीछे छोड़ दिया. अब इस लिस्ट में उनसे आगे सिर्फ सुनील गावस्कर और ग्रीम स्मिथ (दोनों के नाम 4-4 सेंचुरी) हैं.

साथ ही वह लॉर्ड्स टेस्ट में एक ही मैच में डक और सेंचुरी जड़ने वाले नौवें बल्लेबाज बन गए हैं. 1980 के बाद से यह कारनामा सिर्फ माइकल वॉन (2002) और मिस्बाह-उल-हक (2016) कर पाए थे.

क्या चौथे दिन फिर पलटेगा पासा?

अब जबकि साउथ अफ्रीका को जीत के लिए महज 69 रन और चाहिए, टीम मजबूत स्थिति में दिख रही है. लेकिन इतिहास गवाह है कि दबाव के मौकों पर साउथ अफ्रीकी टीम अक्सर चोक कर जाती है. वहीं ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद है कि अगर चौथे दिन शुरुआत में 1-2 विकेट गिरते हैं तो मैच में फिर से रोमांच लौट सकता है. First Updated : Saturday, 14 June 2025