11 साल की बच्ची से बार-बार बलात्कार, 7 महीने की प्रेग्नेंसी के बाद बच्चे को दिया जन्म... बरेली में दरिंदगी की हदें पार

उत्तर प्रदेश के बरेली में 11 साल की नाबालिग बच्ची ने प्रिमेच्योर बच्चे को जन्म दिया, लेकिन नवजात की आधे घंटे में मौत हो गई. 31 वर्षीय आरोपी राशिद को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है.

Simran Sachdeva

Uttar Pradesh news: उत्तर प्रदेश के बरेली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां महज 11 साल की एक नाबालिग बच्ची ने गुरुवार रात जिला महिला अस्पताल में समय से पहले (प्रिमेच्योर) बच्चे को जन्म दिया. दुर्भाग्य से जन्म के आधे घंटे के अंदर ही नवजात की मौत हो गई. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

दरअसल, बच्ची सात महीने की गर्भवती थी और इस स्थिति के पीछे 31 वर्षीय आरोपी राशिद की दरिंदगी छिपी थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है. घटना सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा है और एक बार फिर सख्त कानून की मांग तेज हो गई है.

कैसे सामने आया पूरा मामला?

नवाबगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता के बड़े भाई की शिकायत पर कार्रवाई की गई. शिकायत में कहा गया कि राशिद ने मासूम को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया और कई बार दुष्कर्म किया. आरोपी ने बच्ची को धमकाकर चुप करा दिया, जिसकी वजह से वो अपने दर्द को किसी से साझा नहीं कर पाई.

पेट दर्द की शिकायत के बाद हुआ खुलासा

गुरुवार को पेट दर्द की शिकायत के बाद बच्ची को अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने जब अल्ट्रासाउंड किया तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वो करीब छह महीने की गर्भवती है. उसी रात बच्ची को जिला महिला अस्पताल लाया गया, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया. लेकिन जन्म के महज आधे घंटे बाद ही नवजात ने दम तोड़ दिया.

डॉक्टर ने दी बच्ची की सेहत की जानकारी

जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद ने बताया कि अधिक रक्तस्राव और कम उम्र में प्रसव होने के कारण नाबालिग की हालत गंभीर थी. हालांकि, अब उसकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है.

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने शनिवार को आरोपी राशिद को गिरफ्तार कर लिया है. थानाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है.

देश में लगातार रेप के मामले सामने आ रहे हैं. अपराधियों की गिरफ्तारी के बावजूद घटनाओं में कमी नहीं आ रही. ऐसे में समाज और कानून व्यवस्था दोनों पर सवाल उठ रहे हैं. लोग अब इस बात की मांग कर रहे हैं कि बलात्कार जैसे अपराधों के लिए ऐसे कठोर कानून बनाए जाएं, जिससे अपराधियों के मन में डर पैदा हो और इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag