यमुना में पलटी श्रद्धालुओं से भरी नाव, 10 लोगों की मौत, सीएम योगी ने लिया संज्ञान

मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरा स्टीमर पलटने से कई लोग डूब गए. इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर संज्ञान लेते हुए राहत कार्य तेज करने और पीड़ितों को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra
Prem Kaushik
Reported By Prem Kaushik

मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर पलट जाने से बड़ा नुकसान हुआ. इस दुर्घटना में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हर तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी.

पंजाब से दर्शन के लिए आए थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, स्टीमर में करीब 25 श्रद्धालु सवार थे, जो पंजाब से वृंदावन दर्शन के लिए आए थे. बताया जा रहा है कि यह हादसा पीपा वाले पुल के पास हुआ, जब तेज रफ्तार में चल रहा स्टीमर अचानक अनियंत्रित हो गया और पुल से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्टीमर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया, जिससे उसमें सवार लोग सीधे यमुना में जा गिरे.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और गोताखोरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. हालांकि, कई लोगों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

12 लोग लापता

बताया जा रहा है कि करीब 12 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. नदी में तेज धारा और सीमित दृश्यता के कारण बचाव कार्य में कठिनाई आ रही है, लेकिन टीमें पूरी तत्परता के साथ लगी हुई हैं.

प्रशासन ने घटनास्थल को घेर लिया है और राहत कार्य को तेज कर दिया गया है. स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में मदद कर रहे हैं. इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है, वहीं पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.

अधिकारियों का कहना है कि लापता लोगों की तलाश जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि सभी को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. साथ ही, हादसे के कारणों की भी जांच शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

हादसे पर मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान 

मथुरा में हुए इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है. उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है. साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जाए और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचाई जाए. इसके अलावा, उन्होंने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के भी निर्देश दिए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो