चंडीगढ़ में भाजपा दफ्तर के बाहर धमाका, दूर तक सुनी गई आवाज, मची अफरा-तफरी
चंडीगढ़ में बुधवार शाम करीब पांच बजे भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के बाहर एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई देने से अफरा तफरी मच गई.

चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी मुख्यालय के बाहर पार्किंग एरिया में खड़ी एक स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया. यह धमाका कम तीव्रता का बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. एहतियात के तौर पर पुलिस ने तुरंत बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुला लिया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं.
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को घेर लिया गया. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है. साथ ही, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े किसी संदिग्ध की पहचान की जा सके. हालांकि, अब तक पुलिस ने आधिकारिक रूप से किसी भी साजिश या कारण की पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह धमाका शाम करीब 5 बजे हुआ. जिस स्कूटी में विस्फोट हुआ, वह किसकी थी और उसे वहां किसने खड़ा किया यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस इन सवालों के जवाब तलाशने में जुटी हुई है. वहीं, फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से नमूने एकत्र कर रही है, ताकि विस्फोट में इस्तेमाल सामग्री के बारे में सटीक जानकारी मिल सके.
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि विस्फोट किसी देसी या क्रूड बम के कारण हुआ हो सकता है, जिसमें गन पाउडर जैसी सामग्री का उपयोग किया गया है. इसके अलावा, सीसीटीवी फुटेज में दो युवक बाइक पर सवार होकर घटनास्थल के आसपास आते-जाते नजर आए हैं. पुलिस उनकी पहचान और लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है.
बीजेपी नेता विनीत जोशी ने क्या कहा?
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी नेता विनीत जोशी ने चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय के बाहर इस तरह का विस्फोट होना गंभीर मामला है. धमाके के कारण पार्किंग में खड़ी और वहां से गुजर रही कुछ गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.


