BJP जॉइन करते ही लिएंडर पेस PM मोदी से मिलने पहुंचे, क्या बंगाल में होने वाला है बड़ा खेल?

ओलंपिक पदक विजेता लिएंडर पेस ने आज प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की है. उन्होंने बीते दिन ही बीजेपी पार्टी ज्वाइन की है और आज पीएम मोदी से मिलने पहुंच गए.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: ओलंपिक पदक विजेता और देश के प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने राजनीति में एक नया कदम उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है. पार्टी में शामिल होने के ठीक एक दिन बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. यह मुलाकात बुधवार को हुई, जबकि पेस मंगलवार को भाजपा में शामिल हुए थे.

खेल से राजनीति तक का सफर

लिएंडर पेस टेनिस जगत के दिग्गज हैं. उन्होंने भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है और ओलंपिक में पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है. राजनीति उनके लिए नई नहीं है. साल 2021 में वे तृणमूल कांग्रेस से जुड़े थे, लेकिन अब उन्होंने भाजपा का साथ चुना है.

मंगलवार को दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और सुकांत मजूमदार की मौजूदगी में पेस को पार्टी की सदस्यता दी गई. इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का एक बड़ा दिन है. पेस ने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन का धन्यवाद किया.

उन्होंने आगे कहा, “भाजपा ने मुझे खेल, खेल शिक्षा और युवाओं की सेवा करने का मौका दिया है, इसके लिए मैं सचमुच आभारी हूं.” पेस का मानना है कि देश की युवा शक्ति को मजबूत करने के लिए खेल सुविधाओं का विकास जरूरी है.

प्रधानमंत्री मोदी का पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “श्री लिएंडर पेस जी से मुलाकात बहुत अच्छी रही. टेनिस में उनकी उपलब्धियों पर भारत को बहुत गर्व है. हमने कई मुद्दों पर चर्चा की. खेल और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका जुनून वाकई सराहनीय है.”

इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने खेल विकास, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर बात की. पेस ने कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी के विजन से प्रेरित होकर पार्टी में आए हैं.

बंगाल चुनाव से पहले अहम कदम

यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुई है. पेस का जन्म कोलकाता में हुआ था, इसलिए उनका भाजपा में शामिल होना राज्य की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है. उन्होंने कहा कि बंगाल बेहतर कर सकता है और युवाओं के भविष्य के लिए खेल क्षेत्र में काम करना चाहते हैं. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो