होली के रंग में भंग डालने वालों पर सीएम योगी की कड़ी नजर, हर जिले में अलर्ट
जापान-सिंगापुर दौरे से लौटते ही योगी आदित्यनाथ ने होली को लेकर प्रदेश में सुरक्षा, यातायात और परिवहन व्यवस्था को सख्त करने के निर्देश दिए हैं.

जापान और सिंगापुर की आधिकारिक यात्रा से लौटने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. प्रदेश लौटते ही उन्होंने कर्मचारियों के वेतन के समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही होली के त्योहार को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए.
वाहनों चालकों के खिलाफ विशेष अभियान
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली जैसे बड़े त्योहार पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाए. बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसके अलावा, त्योहार के नाम पर हुड़दंग या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.
परिवहन व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विशेष निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि होली के दौरान उत्तर प्रदेश से अन्य राज्यों के प्रमुख शहरों के लिए जाने वाली बसों में यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए. बिना इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन के कोई भी रोडवेज बस संचालित नहीं होगी. प्रमुख राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, अगर किसी बस पर कार्रवाई होती है, तो यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी.
बसों को लेकर निर्देश जारी
लंबी दूरी की बसों में दो ड्राइवर अनिवार्य रूप से तैनात किए जाएंगे, ताकि थकान के कारण दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके. 28 फरवरी से 9 मार्च तक यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाने और बसों के फेरे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं. साथ ही, खराब या अनफिट बसों को सड़क पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए ब्रेथ एनालाइजर की मदद से जांच की जाएगी, ताकि नशे में वाहन चलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो सके. इसके अलावा, लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए परिवहन विभाग और प्रशासन की ओर से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा. होली के दौरान कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय रहेगा और अधिकारियों को आम जनता की शिकायतों का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके.


