लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास बड़ा धमाका, 8 लोगों की मौत...दिल्ली-मुंबई और UP में हाई अलर्ट जारी

दिल्ली के लाल किले के पास गेट नंबर 1 के पास एक कार में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 8 लोगों की मौत और कई घायल हुए. आग की लपटों ने आसपास की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया. धमाके बाद बाद मुंबई, दिल्ली और UP में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है. वहीं, देश के कई अन्य हिस्सों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

नई दिल्ली : दिल्ली के लाल किले के पास मंगलवार शाम को एक कार में जोरदार धमाका हुआ, जिसने पूरे इलाके में अफरातफरी मचा दी. यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के बाहर उस समय हुआ जब आसपास काफी भीड़ मौजूद थी. धमाके की आवाज सुनते ही लोग दौड़ने लगे और कुछ लोग तुरंत पुलिस को सूचित करने पहुंचे. धमाके बाद बाद दिल्ली, मुंबई और UP में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है. वहीं, देश के कई अन्य हिस्सों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है.

आग की लपटों ने मचाया कहर
आपको बता दें कि धमाके के तुरंत बाद आग की लपटों ने पास खड़ी तीन और गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. तेज गर्मी और आग से वाहनों के शीशे टूट गए, सड़क पर धुआं इतना फैल गया कि कुछ समय तक आसपास कुछ दिखाई नहीं दे रहा था. दुकानदारों ने अपने शटर नीचे कर लिए और आसपास के लोग सुरक्षित दूरी बनाए. दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई मिनटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि, आग शांत होने के बाद भी हवा में जलन और धुएँ की गंध महसूस की जा रही थी.

8 लोगों की मौत, कई घायल
इस भीषण धमाके में अब तक 8 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है जबकि कई अन्य घायल हैं. आग की लपटों और मलबे में फंसे लोगों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया. डॉक्टर घायल नागरिकों की हालत पर लगातार नजर रख रहे हैं. मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. घटना के बाद इलाके में शोक और भय का माहौल बन गया है. पुलिस लगातार गश्त कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है.

धमाके की आवाज सुनकर मची अफरातफरी 
धमाका उस समय हुआ जब मेट्रो स्टेशन के बाहर यात्रियों की भीड़ मौजूद थी. धमाके की आवाज सुनकर लोग अलग-अलग दिशाओं में भागे, जिससे ट्रैफिक भी बाधित हुआ. भीड़ को नियंत्रित करने और घायल नागरिकों को सुरक्षित निकालने में पुलिस और स्थानीय लोग जुट गए. सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोगों में चिंता व्याप्त है.

फॉरेंसिक जांच और सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता
घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्या कार में कोई विस्फोटक सामग्री थी. जले हुए कार के हिस्सों के नमूने लैब में भेजे जाएंगे और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. लाल किला एक संवेदनशील ऐतिहासिक स्थल है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्क हैं. फरीदाबाद में हाल ही में अमोनियम नाइट्रेट मिलने की घटना ने सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है.

प्रशासन की चेतावनी और जांच जारी
प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहें न फैलाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है. जांच पूरी सावधानी के साथ आगे बढ़ाई जा रही है और किसी भी जल्दबाज़ी से बचा जा रहा है. कार मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है और वैज्ञानिक जांच से धमाके की असली वजह सामने आएगी. राजधानी में सुरक्षा सतर्कता बनी रहेगी और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बल तैनात किए जा सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag