मौसम विभाग ने दिल्ली में बुधवार से लू चलने का अनुमान लगाया

दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और 11 मई से राष्ट्रीय राजधानी में फिर से लू चलने की आशंका है।

Janbhawana Times
Janbhawana Times

नई दिल्ली। दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और 11 मई से राष्ट्रीय राजधानी में फिर से लू चलने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आईएमडी द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 61 प्रतिशत रही। दिल्ली स्थित सफदरजंग वेधशाला ने सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य तापमान से एक डिग्री अधिक है। सफदरजंग वेधशाला के मौसम संबंधी आंकड़ों को दिल्ली के लिए मानक माना जाता है।

आईएमडी ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें दिल्ली में एक फिर से लू की चेतावनी दी गई है और बुधवार तक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने सोमवार को कहा कि लू का दौर 15 मई तक जारी रह सकता है क्योंकि अगले एक सप्ताह तक उत्तर पश्चिम भारत में मौसम की स्थिति में बदलाव की संभावना नहीं है।

अधिकतम तापमान मंगलवार को 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 28 डिग्री सेल्सियस और 44 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली में तापमान सप्ताहांत में बढ़ना शुरू हो गया था और रविवार को कुछ स्थानों पर 42 डिग्री के निशान तक पहुंच गया था। अप्रैल के अंत में भीषण गर्मी की स्थिति से दिल्ली के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 46 और 47 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों से पता चलता है कि दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 9:50 बजे मध्यम (151) श्रेणी में दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ तथा 401 और 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

calender
10 May 2022, 04:34 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो