मेरठ की नीले ड्रम वाली मुस्कान रस्तोगी ने दिया बेटी को जन्म, लेकिन सौरभ के परिवार ने उठाई DNA जांच की मांग, जानें वजह

मेरठ के नीले ड्रम हत्याकांड की आरोपी मुस्कान रस्तोगी ने जेल में रहते हुए बेटी को जन्म दिया. सौरभ के परिवार ने बच्ची का DNA टेस्ट कराने की बात कही. अस्पताल में भीड़ बढ़ने पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

मेरठः उत्तर प्रदेश के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड से जुड़ी आरोपी मुस्कान रस्तोगी एक बार फिर सुर्खियों में है. आठ महीने से जेल में बंद मुस्कान ने सोमवार सुबह एक बच्ची को जन्म दिया. रविवार देर रात उसे अचानक तेज प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने सुबह लगभग सात बजे उसकी नॉर्मल डिलीवरी करवाई. जानकारी के मुताबिक बच्ची का वजन करीब 2.5 किलो है और मां-बेटी दोनों स्वस्थ हैं.

दिलचस्प संयोग यह है कि जिस पति सौरभ राजपूत की हत्या के आरोप में मुस्कान जेल में है, उसी सौरभ का जन्मदिन भी 24 नवंबर को ही आता है. उसी दिन मुस्कान ने अपनी दूसरी बेटी को जन्म दिया, जिसे लेकर मामले में नई चर्चाएं छिड़ गई हैं.

गर्भवती होने के बावजूद हुई गिरफ्तारी

मुस्कान की पहली बेटी पीहू वर्तमान में सौरभ के माता-पिता के पास रह रही है. जब पुलिस ने मुस्कान और उसके कथित प्रेमी साहिल को गिरफ्तार किया था, तब मुस्कान लगभग डेढ़ महीने की गर्भवती थी. गिरफ्तारी के बाद से ही जेल प्रशासन उसकी चिकित्सकीय स्थिति पर लगातार नजर रख रहा था. रविवार रात दर्द बढ़ने पर उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां गायनी विभाग की प्रमुख डॉ. शगुन के साथ पाँच डॉक्टरों की टीम ने उसकी डिलीवरी कराई.

सौरभ के परिवार ने उठाई बड़ी मांग 

सौरभ राजपूत के बड़े भाई राहुल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि परिवार बच्ची का DNA टेस्ट करवाएगा. उनका कहना है, “अगर रिपोर्ट में यह साबित हो जाता है कि बच्ची मेरे भाई की है, तो हम उसे अपनाएंगे. हम इस मामले से मानसिक रूप से बहुत टूटे हैं, लेकिन बच्ची को परिवार का हिस्सा बनाने से पीछे नहीं हटेंगे.”

परिवार की यह प्रतिक्रिया इस बात का संकेत है कि वे सौरभ की मौत और मुस्कान पर लगे आरोपों को लेकर अभी भी गहरी चोट महसूस कर रहे हैं.

अस्पताल में बढ़ी भीड़

मुस्कान रस्तोगी कई महीनों से मीडिया की सुर्खियों में रही है और ‘नीले ड्रम वाली मुस्कान’ के नाम से जानी जाने लगी है. उसकी डिलीवरी की खबर सामने आने के बाद बड़ी संख्या में मीडिया और स्थानीय लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचने लगे. कई लोग उसकी झलक पाने या वीडियो बनाने की कोशिश कर रहे थे.

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत महिला वार्ड को आम लोगों के लिए बंद कर दिया. केवल मेडिकल टीम और सुरक्षा कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति है. पुलिस ने भी अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है ताकि किसी तरह की अफरा-तफरी या कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा न हो.

कौन है मुस्कान? क्यों बना था 'नीले ड्रम हत्याकांड' चर्चा का विषय?

मेरठ पुलिस के अनुसार मुस्कान और उसके प्रेमी माने जा रहे साहिल पर आरोप है कि दोनों ने मिलकर मुस्कान के पति सौरभ की हत्या की. हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे एक बड़े नीले प्लास्टिक ड्रम में भरकर छिपाने की कोशिश की गई. बाद में मामला उजागर हुआ और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. तभी यह भी पता चला कि मुस्कान गर्भवती है.

फिलहाल मुस्कान को अस्पताल के विशेष महिला वार्ड में रखा गया है, जहां उसकी हालत की लगातार जांच हो रही है. सुरक्षा के मद्देनजर किसी आम व्यक्ति को उसके पास जाने की अनुमति नहीं है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag