Rajasthan Deputy CM Prem Chand Bairwa: राजस्थान में के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा को जयपुर सेंट्रल जेल से जान से मारने की धमकी मिली है. इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है. विपक्ष ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने इस धमकी को गंभीर बताते हुए कहा कि अगर उपमुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? उन्होंने सरकार से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है.
विधानसभा में बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने इस घटना को चिंताजनक करार दिया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "जयपुर सेंट्रल जेल से उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा को जान से मारने की धमकी मिलना बेहद गंभीर मामला है. मुख्यमंत्री भजनलाल के बाद अब उपमुख्यमंत्री को भी जेल से धमकी मिल रही है. यह राज्य की कानून व्यवस्था की असली तस्वीर पेश करता है. अगर वरिष्ठ नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों के लिए क्या उम्मीद की जा सकती है?"
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं और सरकार को इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए. जूली ने जेलों में मोबाइल फोन की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए कहा, "आखिर अपराधी जेल के अंदर मोबाइल फोन कैसे इस्तेमाल कर रहे हैं? यह प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है."
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम को एक धमकी भरा कॉल मिला था, जो जयपुर सेंट्रल जेल से किया गया था. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह कॉल किसने किया और जेल के अंदर मोबाइल फोन कैसे पहुंचा. First Updated : Thursday, 27 March 2025