AI के कारण गई नौकरी, ‘बंटी और बबली’ से प्रेरित होकर की चोरी... इंदौर पुलिस ने युवक-युवती को किया गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के इंदौर में नौकरी जाने के बाद युवक ने महिला मित्र के साथ मिलकर 16 लाख रुपये के आभूषण चोरी किए. दोनों आरोपियों ने 'बंटी और बबली' फिल्म देखकर चोरी की योजना बनाई थी.

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने गुरुवार को 18 वर्षीय एक ग्राफिक डिजाइनर को करीब 16 लाख रुपये के आभूषण चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के चलते कारण नौकरी चली गई थी, जिससे चलते वो आर्थिक परेशानी में आ गया.
जानकारी के अनुसार, आरोपी को उसकी 18 वर्षीय महिला मित्र के साथ पकड़ा गया. गिरफ्तार महिला फिलहाल NEET परीक्षा की तैयारी कर रही है. पुलिस ने अभी दोनों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है. इंदौर के पुलिस उपायुक्त (DCP) श्रीकृष्णा लालचंदानी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे 2005 में आई बॉलीवुड फिल्म ‘बंटी और बबली’ से प्रेरित थे.
22 दिसंबर को की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, दोनों ने 22 दिसंबर की रात राऊ थाना क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलरी शॉप से सोने, चांदी और हीरे के गहने चुरा लिए, जिनकी कीमत लगभग 16.17 लाख रुपये है. चोरी करने के बाद दोनों आरोपी भोपाल भाग गए. पुलिस ने दोनों को भोपाल ने गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए सभी आभूषणों को भी बरामद कर लिया है.
पार्ट-टाइम ग्राफिक डिजाइनर था युवक
डीसीपी लालचंदानी ने बताया कि दोनों आरोपी 18 साल के हैं और बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं. युवक एक आईटी कंपनी में पार्ट-टाइम ग्राफिक डिजाइनर के तौर पर काम करता था, लेकिन कंपनी में AI तकनीक अपनाए जाने के बाद उसकी नौकरी चली गई. वहीं, महिला NEET की तैयारी कर रही थी. पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि नौकरी जाने का बाद उसे अपने खर्च चलाने में काफी दिक्कत हो रही थी.
'फिल्म बंटी और बबली' से थे प्रेरित
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों नें पूछताछ के दौरान दावा किया कि उन्होंने अभिषेक बच्चन और रानी मुखर्जी द्वारा अभिनीत 2005 की बॉलीवुड फिल्म 'बंटी और बबली' देखकर चोरी की योजना बनाई थी. दोनों ने ये भी बताया कि चोरी के बाद उन्होंने गहने बेचने की कोशिश की, लेकिन खरीदारों ने उन्हें कम उम्र का समझकर सही कीमत नहीं दी. इसके बाद उन्होंने छुट्टियों के बाद गहने बेचने की योजना बनाई थी.


