कुशीनगर में ट्रक ने कार में मारी टक्कर, 3 युवकों की मौत
कुशीनगर में सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई. वहीं, चार लोग घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया.

कुशीनगर में हाईवे पर ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया.
ट्रक की टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
यह भीषण दुर्घटना हाटा कोतवाली क्षेत्र में उस समय हुई जब कार में सवार सात युवक एक निजी पार्टी में शामिल होकर वापस हाटा लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि सभी युवक हाटा नगरपालिका के वार्ड नंबर चार स्थित अहिरौली तुलादास इलाके के रहने वाले थे. जैसे ही उनकी कार हाटा कोतवाली से लगभग एक किलोमीटर पूर्व हाईवे पर स्थित एक मैरेज हॉल के सामने पहुंची तभी तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में कार सवार तीन युवकों की जान चली गई. मृतकों की पहचान हरी (23 वर्ष) पुत्र पुरुषोत्तम, नितीश (20 वर्ष) पुत्र कृष्ण मुरारी और अमन (26 वर्ष) पुत्र श्रवण वर्मा के रूप में हुई. तीनों युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया है.
हादसे में 4 चार गंभीर रूप से घायल
इस दुर्घटना में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में सूरज वर्मा (22 वर्ष), शैलेश वर्मा (18 वर्ष), मुकेश वर्मा (19 वर्ष) और विकास वर्मा (26 वर्ष) शामिल हैं. पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हाटा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल बेहद गमगीन हो गया. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है.


