एयरटेल नेटवर्क आउटेज: कॉलिंग और इंटरनेट सेवाएं ठप, यूज़र्स में भारी नाराज़गी

18 अगस्त को एयरटेल यूज़र्स को बड़े नेटवर्क आउटेज का सामना करना पड़ा, जिससे कॉलिंग और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हुईं. कंपनी ने तकनीकी समस्या स्वीकारते हुए जल्द सेवा बहाली का आश्वासन दिया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

Airtel Down: 18 अगस्त, सोमवार को एयरटेल उपयोगकर्ताओं को व्यापक नेटवर्क समस्या का सामना करना पड़ा. इस दौरान कई लोग कॉल करने, कॉल रिसीव करने और मोबाइल इंटरनेट का उपयोग करने में असमर्थ रहे. दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इस तकनीकी गड़बड़ी की पुष्टि की.

Airtel में तकनीकी समस्या

तकनीकी समस्याओं को ट्रैक करने वाले प्लेटफ़ॉर्म डाउनडिटेक्टर के अनुसार, सोमवार को लगभग शाम 4:32 बजे एयरटेल नेटवर्क से जुड़ी 3,600 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं. इनमें से अधिकांश रिपोर्ट मोबाइल नेटवर्क, कॉलिंग और डेटा कनेक्टिविटी से जुड़ी थीं.

दिल्ली-एनसीआर में यूजर परेशान 

एक यूज़र द्वारा दिल्ली-एनसीआर में कॉलिंग संबंधी परेशानी की शिकायत पर एयरटेल ने जवाब देते हुए लिखा कि हम अपने नेटवर्क में आ रही तकनीकी दिक्कतों से अवगत हैं. हमारी टीम इस परेशानी को जल्द ठीक करने के लिए लगातार काम कर रही है. असुविधा के लिए खेद है.

कई यूज़र्स ने X पर अपनी नाराज़गी व्यक्त की. एक यूज़र ने लिखा कि "@airtelindia की सेवाएं पूरी तरह बंद हैं. कॉल नहीं लग रही, न ही मैसेज भेज पा रहे हैं. कृपया जल्द समाधान करें और नेटवर्क बहाली का समय बताएं."

एक अन्य पोस्ट में यूज़र ने कहा कि "अगर आप भी #Airtel यूज़र हैं और कॉल नहीं कर पा रहे, तो घबराइए मत, आप अकेले नहीं हैं. शायद नेटवर्क पूरी तरह डाउन है."

सोशल मीडिया पर #AirtelDown ट्रेंड 

सोशल मीडिया पर #AirtelDown ट्रेंड करने लगा और कई यूज़र्स ने यह तक दावा किया कि समस्या केवल दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य राज्यों में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है.

हालांकि, एयरटेल ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह समस्या किस कारण से हुई और इसे पूरी तरह ठीक होने में कितना समय लगेगा. कंपनी ने आश्वासन जरूर दिया कि तकनीकी टीम समस्या के समाधान में जुटी है और जल्द ही सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो