सिंगल कैमरा लेकिन दमदार अपग्रेड! Apple अपने यूजर्स के लिए लाया सबसे सस्ता iPhone, जाने कब होगा लॉन्च

रिपोर्ट्स के अनुसार Apple फरवरी 2026 में iPhone 17e लॉन्च कर सकता है. इसमें MagSafe चार्जिंग, नया C1X मॉडम और बेहतर नेटवर्क परफॉर्मेंस मिलने की उम्मीद है, जबकि डिजाइन और सिंगल रियर कैमरा पुराने मॉडल जैसा रह सकता है.

Shraddha Mishra

एपल के किफायती स्मार्टफोन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए नई जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी जल्द ही iPhone 17e लॉन्च कर सकती है. माना जा रहा है कि यह फोन फरवरी 2026 में बाजार में आएगा. अगर ऐसा होता है तो यह पिछले साल लॉन्च हुए iPhone 16e के ठीक एक साल बाद पेश किया जाएगा.

एक जर्मन रिपोर्ट के अनुसार, एपल 19 फरवरी को iPhone 17e पेश कर सकती है. दिलचस्प बात यह है कि iPhone 16e भी 19 फरवरी 2025 को लॉन्च हुआ था. इस बार भी कंपनी बड़े इवेंट की जगह सीधे प्रेस रिलीज के जरिए फोन की घोषणा कर सकती है. पहले भी संकेत मिले थे कि यह डिवाइस 2026 की पहली तिमाही में आएगा, और यह तारीख उसी संभावना के अनुरूप है.

डिजाइन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं

लीक्स के मुताबिक iPhone 17e का डिजाइन काफी हद तक पिछले मॉडल जैसा ही रह सकता है. Dynamic Island फीचर मिलने की जो चर्चाएं चल रही थीं, उन्हें खारिज किया गया है. यानी इस बजट मॉडल में प्रीमियम सीरीज जैसा बड़ा डिजाइन बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. एपल संभवतः पुराने लुक को ही बरकरार रखेगा.

MagSafe से बेहतर वायरलेस चार्जिंग

इस बार चार्जिंग के मामले में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट में कहा गया है कि iPhone 17e में MagSafe सपोर्ट जोड़ा जा सकता है. iPhone 16e में केवल Qi वायरलेस चार्जिंग थी, जिसकी स्पीड करीब 7.5W थी. MagSafe सपोर्ट मिलने पर वायरलेस चार्जिंग स्पीड 25W तक पहुंच सकती है. इससे यूजर्स को तेज और सुविधाजनक चार्जिंग अनुभव मिल सकता है.

नया C1X मॉडम देगा बेहतर परफॉर्मेंस

फोन में Apple का नया C1X मॉडम दिए जाने की भी चर्चा है. यह मॉडम पहले iPhone Air में देखा गया था. कंपनी के अनुसार, C1X मॉडम पहले के C1 के मुकाबले बेहतर नेटवर्क स्पीड और ज्यादा पावर एफिशिएंसी प्रदान करता है. इसका फायदा यह होगा कि इंटरनेट स्पीड तेज हो सकती है और बैटरी की खपत कम होगी.

कैमरा सेटअप में बड़े बदलाव की संभावना कम बताई जा रही है. उम्मीद है कि iPhone 17e में सिंगल रियर कैमरा ही मिलेगा, जैसा पिछले मॉडल में था. एपल इस मॉडल को बजट सेगमेंट में रखते हुए जरूरी अपग्रेड्स पर ही ध्यान दे सकता है.

बजट यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट?

अगर सामने आई जानकारी सही साबित होती है, तो iPhone 17e उन यूजर्स के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है जो कम कीमत में एपल का नया डिवाइस चाहते हैं. बेहतर वायरलेस चार्जिंग और नया मॉडम इसे पिछले मॉडल से ज्यादा आकर्षक बना सकते हैं. आने वाले दिनों में इस फोन से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag