एप्पल (Apple) ने अपने अगले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की तलाश शुरू कर दी है. रिपोर्ट के अनुसार, संभव है कि अगले साल तक Apple के मौजूदा CEO टिम कुक अपने पद से हट जाएं. वह लगभग 14 साल से कंपनी का नेतृत्व कर रहे हैं और अब कंपनी नए नेतृत्व के विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर रही है.
नया CEO कौन होगा?
हालांकि, एप्पल (Apple) ने आधिकारिक तौर पर इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है कि कंपनी का नया CEO कौन होगा, लेकिन रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (हार्डवेयर इंजीनियरिंग) जॉन टर्नस (John Ternus) इस पद के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. टर्नस लंबे समय से Apple के प्रमुख हार्डवेयर प्रोडक्ट्स पर काम कर रहे हैं और कंपनी के अंदर उनकी पकड़ बहुत मजबूत है. एप्पल (Apple) नए CEO का नाम अगले साल की शुरुआत में सार्वजनिक कर सकता है.
टिम कुक ने 2011 में स्टीव जॉब्स के पद छोड़ने के बाद Apple की कमान संभाली थी. 1998 में जब उन्होंने Apple जॉइन किया, तब कंपनी काफी मुश्किल दौर से गुजर रही थी. उस समय स्टीव जॉब्स ने कुक को कंपनी की सप्लाई चेन और ऑपरेशन सिस्टम को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी दी थी. टिम कुक ने इस जिम्मेदारी को पूरी सफलता के साथ निभाया और धीरे-धीरे Apple की नींव मजबूत होती गई.
साल 2005 से 2011 तक कुक Apple के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के पद पर रहे. उन्होंने iPhone, iPad, iPod और MacBook जैसे बड़े प्रोडक्ट्स की सप्लाई चेन को पूरी दुनिया में विस्तार दिया. कहा जाता है कि टिम कुक की रणनीतियों की वजह से Apple बेहद बड़े पैमाने पर अपने प्रोडक्ट लॉन्च करने में सक्षम हुआ. स्टीव जॉब्स की बीमारी के दौरान भी कुक ने कई बार कंपनी को अस्थायी CEO के रूप में संभाला.
24 अगस्त 2011 को स्टीव जॉब्स ने आधिकारिक रूप से टिम कुक को Apple का CEO नियुक्त किया. उनके नेतृत्व में Apple ने कई नई ऊंचाइयां हासिल की. Apple Watch, AirPods, Mac के लिए M1, M2 और M3 सिलिकॉन चिप्स, और हाल ही में लॉन्च हुआ Apple Vision Pro—ये सभी प्रोडक्ट्स कुक की ही अगुवाई में बने.
उनकी नेतृत्व क्षमता का ही परिणाम था कि Apple दुनिया की पहली कंपनी बन गई जिसकी वैल्यूएशन 3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंची. सिर्फ प्रोडक्ट्स ही नहीं, बल्कि Apple की सर्विसेज जैसे iCloud, Apple Music, Apple TV+, और App Store को भी कुक के समय में काफी बढ़ावा मिला. अब देखते हैं कि अगर टिम कुक पद छोड़ते हैं, तो Apple की कमान किसे मिलती है और कंपनी अगले दौर में किस दिशा में आगे बढ़ती है.
First Updated : Saturday, 15 November 2025