नई दिल्ली: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में होंडा की पहचान भरोसे और क्वालिटी के साथ-साथ शानदार ड्राइविंग अनुभव के लिए रही है. अगर आप 2026 की शुरुआत में नई कार या एसयूवी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो जनवरी का महीना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. होंडा ने अपने चुनिंदा मॉडलों पर आकर्षक ऑफर्स का ऐलान किया है, जिसमें उसकी लोकप्रिय मिड-साइज एसयूवी होंडा एलिवेट भी शामिल है.
कंपनी की इस पेशकश के तहत ग्राहक अच्छी-खासी रकम की बचत कर सकते हैं. सीमित समय के लिए लागू यह ऑफर खासतौर पर उन लोगों के लिए है, जो भरोसेमंद ब्रांड के साथ दमदार फीचर्स वाली एसयूवी की तलाश में हैं.
होंडा एलिवेट पर जनवरी 2026 में कुल मिलाकर अधिकतम 1.76 लाख रुपये तक का फायदा उठाया जा सकता है. इस लाभ में कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और कॉरपोरेट बेनिफिट जैसे ऑफर्स शामिल हो सकते हैं. कंपनी के मुताबिक ये सभी ऑफर्स सीमित अवधि के लिए हैं और 31 जनवरी 2026 तक ही वैध रहेंगे. ऐसे में नई एसयूवी खरीदने की सोच रहे ग्राहकों के लिए यह एक सही समय माना जा रहा है.
होंडा एलिवेट में 1.5 लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो करीब 121 बीएचपी की पावर और 145 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. यह इंजन स्मूद परफॉर्मेंस और बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी के लिए जाना जाता है. ग्राहकों को इसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ट्रांसमिशन का विकल्प मिलता है, जिससे यह कार शहर और हाईवे दोनों परिस्थितियों में बेहतरीन ड्राइविंग अनुभव देती है.
फीचर्स की बात करें तो होंडा एलिवेट में 10.25-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 7-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और सनरूफ जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें 6 एयरबैग, एबीएस और अन्य जरूरी सेफ्टी फीचर्स भी मौजूद हैं, जो इसे फैमिली एसयूवी के तौर पर एक भरोसेमंद विकल्प बनाते हैं.
भारतीय बाजार में होंडा एलिवेट का मुकाबला हुंडई क्रेटा, मारुति ग्रैंड विटारा और किआ सेल्टोस जैसी लोकप्रिय मिड-साइज एसयूवी से होता है. हालांकि मजबूत बिल्ड क्वालिटी, भरोसेमंद इंजन और जनवरी 2026 में मिलने वाले आकर्षक डिस्काउंट के चलते होंडा एलिवेट ग्राहकों के लिए एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आती है.
First Updated : Sunday, 04 January 2026