नई दिल्ली: ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जहां अपराधी निजी फोटो या वीडियो के नाम पर लोगों को धमकाते हैं और पैसे की मांग करते हैं. कई मामलों में पीड़ित मानसिक दबाव में आकर गंभीर कदम तक उठा लेते हैं. ऐसे साइबर अपराधों से बचाव के लिए गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाली एजेंसी साइबर दोस्त I4C ने अहम जानकारी साझा की है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में एजेंसी ने बताया है कि यदि कोई व्यक्ति आपकी प्राइवेट फोटो के जरिए ब्लैकमेल कर रहा है, तो उसे रोका जा सकता है. इसके लिए एक आसान और सुरक्षित प्रक्रिया अपनानी होगी.
साइबर दोस्त I4C ने अपनी पोस्ट में स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति आपकी निजी फोटो या वीडियो इंटरनेट पर साझा करने की धमकी देता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है.
एजेंसी के अनुसार, इसके लिए आपको एक खास प्रक्रिया का पालन करना होगा, जिससे आपकी सामग्री सुरक्षित रहेगी और उसका दुरुपयोग रोका जा सकेगा.
StopNCII.org एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां बिना सहमति के शेयर की गई निजी फोटो या वीडियो के दुरुपयोग को रोका जा सकता है. इसे एक अंतरराष्ट्रीय एजेंसी संचालित करती है.
यह प्लेटफॉर्म आपकी निजी फोटो या वीडियो को एक विशेष कोड में परिवर्तित करता है. इस कोड को पार्टनर सोशल मीडिया कंपनियों के साथ साझा किया जाता है. संबंधित फोटो या वीडियो की पहचान होते ही उसे हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है.
यदि कोई गलत इरादे से ऐसी सामग्री अपलोड करने की कोशिश करता है, तो उसे तुरंत ब्लॉक किया जा सकता है.
StopNCII.org के साथ कई प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मिलकर काम कर रहे हैं. इनमें Meta (फेसबुक और इंस्टाग्राम), TikTok, Reddit और Snapchat जैसे बड़े नाम शामिल हैं.
इन प्लेटफॉर्म्स के सहयोग से निजी तस्वीरों और वीडियो के दुरुपयोग को रोकने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं. First Updated : Sunday, 01 March 2026