Meta ने Instagram की एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड चैट्स को बंद करने का लिया फैसला, यूजर्स की प्राइवेसी खतरे में!

इंस्टाग्राम ने बड़ा झटका दिया है. 8 मई 2026 के बाद एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड चैट का फीचर पूरी तरह बंद हो जाएगा. अब आपकी निजी बातचीत कितनी सुरक्षित रहेगी? यह फैसला यूजर्स के बीच सिक्योरिटी को लेकर गहरी चिंता पैदा कर रहा है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

इंस्टाग्राम पर एंड टू एंड एन्क्रिप्टेड चैट फीचर 8 मई 2026 के बाद बंद कर दिया जाएगा. यह जानकारी खुद इंस्टाग्राम के आधिकारिक हेल्प पेज पर दी गई है. इसका मतलब है कि इस तारीख के बाद इंस्टाग्राम के डायरेक्ट मैसेज में यह सुरक्षा फीचर उपलब्ध नहीं रहेगा.

इंस्टाग्राम का यह फैसला सोशल मीडिया प्राइवेसी को लेकर नई बहस को जन्म दे रहा है. कई टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स सुरक्षा और मॉडरेशन के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करेंगे, जिसकी वजह से ऐसे बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

क्या होता है एंड टू एंड एन्क्रिप्शन?

एंड टू एंड एन्क्रिप्शन एक ऐसी तकनीक होती है जिसमें मैसेज भेजने वाले और पाने वाले के अलावा कोई भी तीसरा व्यक्ति उसे पढ़ नहीं सकता. यहां तक कि प्लेटफॉर्म चलाने वाली कंपनी भी उन मैसेज को नहीं देख सकती. इस तकनीक में मैसेज भेजते समय वह एक कोड में बदल जाता है और केवल रिसीवर के डिवाइस पर ही डिक्रिप्ट होता है.

इंस्टाग्राम में कब आया था यह फीचर?

इंस्टाग्राम ने एंड टू एंड एन्क्रिप्शन फीचर को 2023 के आसपास अपने मैसेजिंग सिस्टम में जोड़ना शुरू किया था. शुरुआत में यह फीचर सभी के लिए डिफॉल्ट नहीं था बल्कि यूजर्स को इसे अलग से ऑन करना पड़ता था.

मेटा ने क्यों लिया यह फैसला?

इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी Meta का कहना है कि इस फीचर का इस्तेमाल बहुत कम लोग कर रहे थे. इसलिए कंपनी ने इसे बंद करने का फैसला लिया है. कंपनी यूजर्स को पहले से नोटिफिकेशन भी भेज रही है ताकि वे चाहें तो अपने एन्क्रिप्टेड चैट्स और मीडिया फाइल्स डाउनलोड कर सकें.

यूजर्स पर क्या पड़ेगा असर?

8 मई 2026 के बाद इंस्टाग्राम पर भेजे जाने वाले मैसेज एंड टू एंड एन्क्रिप्टेड नहीं होंगे. यानी तकनीकी रूप से यह मैसेज प्लेटफॉर्म के सर्वर पर प्रोसेस होंगे. हालांकि कंपनियां आमतौर पर दावा करती हैं कि यूजर्स के डेटा की सुरक्षा और प्राइवेसी का ध्यान रखा जाता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो