दुनियाभर में अचानक ठप हुआ ‘X’... हजारों यूजर्स हुए परेशान, कुछ ही देर में दोबारा क्रैश
एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ में तकनीकी खराबी के कारण हजारों यूजर्स को दिक्कत हुई. फीड लोड न होने और एरर की समस्या सामने आई, हालांकि कुछ ही समय में सेवा फिर से सामान्य हो गई.

एलन मस्क के प्लेटफॉर्म ‘X’ (पहले ट्विटर) में बुधवार को अचानक तकनीकी दिक्कत आ गई, जिससे हजारों लोगों को ऐप और वेबसाइट इस्तेमाल करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा. कुछ समय के लिए यह प्लेटफॉर्म कई यूजर्स के लिए लगभग ठप सा हो गया था.
ऑनलाइन सर्विस मॉनिटर करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, दिक्कतों की शुरुआत करीब दोपहर 2 बजे के आसपास हुई. देखते ही देखते शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़कर 25 हजार से ज्यादा हो गई. यूजर्स ने बताया कि उन्हें फीड देखने में समस्या हो रही थी, पोस्ट लोड नहीं हो रहे थे और कई बार ऐप पर एरर मैसेज भी दिखाई दे रहा था.
कुछ यूजर्स पर नहीं पड़ा असर
दिलचस्प बात यह रही कि जहां कई यूजर्स को परेशानी हुई, वहीं कुछ लोग बिना किसी दिक्कत के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते रहे. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि समस्या हर जगह एक जैसी नहीं थी, बल्कि कुछ सर्वर या क्षेत्रों तक सीमित हो सकती है.
बार-बार आई रुकावट
रिपोर्ट के अनुसार, पहली बार आई यह समस्या करीब डेढ़ घंटे के भीतर ठीक हो गई थी. लेकिन इसके कुछ समय बाद फिर से प्लेटफॉर्म में गड़बड़ी देखने को मिली. सुबह के समय एक बार फिर हजारों यूजर्स ने शिकायत की कि उनका टाइमलाइन रिफ्रेश नहीं हो रहा है और फीड लोड नहीं हो पा रहा है. इस बार भी ऐप और डेस्कटॉप दोनों पर असर देखा गया.
दूसरी बार आई समस्या के दौरान भी शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ी और 10 हजार से ज्यादा रिपोर्ट दर्ज की गईं. हालांकि, यह समस्या भी ज्यादा देर तक नहीं रही और कुछ ही समय में प्लेटफॉर्म फिर से सामान्य हो गया. सुबह करीब 7 बजे तक ज्यादातर यूजर्स के लिए सेवा पूरी तरह बहाल हो चुकी थी और शिकायतों में भी तेजी से कमी आ गई.
कंपनी की ओर से नहीं आया बयान
फिलहाल इस तकनीकी खराबी को लेकर ‘X’ की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. यह स्पष्ट नहीं है कि बार-बार आई इस समस्या के पीछे असली वजह क्या थी. हालांकि, इस तरह की तकनीकी दिक्कतें बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए नई नहीं हैं.
जब लाखों-करोड़ों लोग एक साथ किसी ऐप का इस्तेमाल करते हैं, तो छोटी सी तकनीकी गड़बड़ी भी बड़े स्तर पर असर डाल सकती है. इस तरह के आउटेज से यूजर्स को काफी असुविधा होती है, खासकर उन लोगों को जो इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल काम या जरूरी अपडेट्स के लिए करते हैं.


