हाउस हेल्प से पूछा- डेली लेट क्यों आती हो? जवाब सुन सॉफ्टवेयर इंजीनियर के उड़ गए होश, बोला- स्किल ही कमाती है पैसा

एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर अपनी हाउस हेल्प की कमाई जानकर हैरान रह गया. महिला खाना बनाने और घरेलू काम से हर महीने 44 हजार रुपये कमा रही है. इस वायरल कहानी ने सोशल मीडिया पर स्किल, मेहनत और डिग्री को लेकर नई बहस छेड़ दी.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर और उसकी हाउस हेल्प के बीच हुई बातचीत जमकर वायरल हो रही है. इस बातचीत ने लोगों को कमाई, मेहनत, स्किल और नौकरी को लेकर सोचने पर मजबूर कर दिया है. इंटरनेट यूजर्स अब इस बात पर बहस कर रहे हैं कि क्या सिर्फ डिग्री ही सफलता की गारंटी है या असली ताकत स्किल और मेहनत में छिपी होती है.

खुद को सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताने वाले आदित्या नाम के एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर की. पोस्ट में उन्होंने बताया कि उनकी हाउस हेल्प पिछले कुछ दिनों से लगातार देर से आ रही थीं. जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो महिला का जवाब सुनकर वह खुद भी चौंक गए.

खाना बनाकर करती हैं इतनी कमाई

आदित्या के मुताबिक, हाउस हेल्प ने बताया कि घर के काम के अलावा वह चार बैचलर्स के लिए खाना भी बनाती हैं. इसके बदले उन्हें हर व्यक्ति से 6 हजार रुपये महीने मिलते हैं. इस तरह सिर्फ खाना बनाने से ही उनकी महीने की कमाई 24 हजार रुपये हो जाती है. इसके अलावा वह दो अन्य परिवारों के यहां घरेलू काम भी करती हैं, जिससे करीब 20 हजार रुपये और कमाती हैं. कुल मिलाकर उनकी मासिक आय लगभग 44 हजार रुपये तक पहुंच जाती है. आदित्या ने बताया कि इस हिसाब से महिला सालाना 5 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई कर रही हैं.

इंजीनियर ने कहा- कोई काम छोटा नहीं

इस बातचीत के बाद आदित्या ने अपनी पोस्ट में लिखा, आज समझ आया कि कोई काम छोटा नहीं होता. स्किल, मेहनत और कंसिस्टेंसी हमेशा रंग लाते हैं. वहीं, हजारों पढ़े-लिखे लोग आज भी बेरोजगार हैं. उनकी यह पोस्ट देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और हजारों लोगों ने इस पर अपनी राय देना शुरू कर दिया.

सोशल मीडिया पर शुरू हुई नई बहस

कई यूजर्स ने महिला की मेहनत और आत्मनिर्भरता की तारीफ की. लोगों का कहना था कि आज के दौर में सिर्फ डिग्री काफी नहीं है, बल्कि स्किल और मेहनत ही इंसान को आगे बढ़ाती है. कुछ लोगों ने लिखा कि घरेलू काम को अक्सर कमतर समझा जाता है, जबकि यह भी उतनी ही मेहनत और जिम्मेदारी वाला काम है.

लोगों ने बताया कहानी का दूसरा पहलू

हालांकि, कई यूजर्स ने इस कहानी का दूसरा पहलू भी सामने रखा. उनका कहना था कि 44 हजार रुपये कमाने के लिए महिला को रोजाना 10 से 12 घंटे तक लगातार काम करना पड़ता होगा. लोगों ने कहा कि घरेलू काम शारीरिक रूप से काफी कठिन होता है और लंबे समय तक ऐसा काम शरीर पर असर डाल सकता है. कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि नौकरीपेशा लोगों की शुरुआती सैलरी भले कम हो, लेकिन समय के साथ उनके पास बेहतर ग्रोथ और लाइफस्टाइल के अवसर बढ़ जाते हैं.

कुछ लोगों का मानना था कि हाउस हेल्प की मेहनत की सराहना करना जरूरी है, लेकिन उसकी जिंदगी को दूसरों से बेहतर बताना पूरी तरह सही नहीं माना जा सकता.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो