व्लादिमीर पुतिन का भारत दौरा हुआ कन्फर्म, सितंबर में BRICS शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

क्रेमलिन के प्रमुख सहयोगी यूरी उशाकोव ने मंगलवार (19 मई 2026) को घोषणा की कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सितंबर 2026 में भारत दौरे पर आएंगे। वे नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS ने इस खबर की पुष्टि की है।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि भारत में आयोजित हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन में राष्ट्रपति पुतिन हिस्सा लेंगे। भारत 12 और 13 सितंबर 2026 को इस सम्मेलन की मेजबानी करेगा। एक साल से कम समय में यह पुतिन का दूसरा भारत दौरा होगा।

भारत की अध्यक्षता में होगा 18वां BRICS सम्मेलन   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नई दिल्ली में होने वाला यह 18वां BRICS शिखर सम्मेलन भारत की अध्यक्षता में होगा। मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए यह सम्मेलन बेहद अहम माना जा रहा है। दुनिया इस वक्त कई बड़े बदलावों से गुजर रही है।

खासकर पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने अंतर्राष्ट्रीय चिंता बढ़ा दी है। ऐसे माहौल में BRICS देशों की यह बैठक दुनिया की नजरों में रहेगी। रूस के विदेश मंत्री ने यह भी कहा है कि मॉस्को इसी साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की तैयारी कर रहा है। इससे भारत और रूस के रिश्ते और मजबूत होने की उम्मीद है।

एक साल में दूसरी बार भारत आएंगे पुतिन   

व्लादिमीर पुतिन इससे पहले दिसंबर 2025 में भारत आए थे। उस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 23वें भारत रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया था। उसी दौरे पर भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी समझौते के 25 साल पूरे होने का जश्न भी मनाया गया था।

अब BRICS सम्मेलन के लिए पुतिन दोबारा नई दिल्ली पहुंचेंगे। BRICS आज उभरती अर्थव्यवस्थाओं का सबसे बड़ा मंच बन गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि दिल्ली में होने वाला यह सम्मेलन वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए अहम साबित होगा।

पीएम मोदी भी जाएंगे रूस  

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भी बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मॉस्को इस साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस यात्रा की तैयारी कर रहा है। BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद लावरोव ने बताया कि पीएम मोदी ने रूस आने की पुष्टि कर दी है।

लावरोव ने भारत और रूस के संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी बताया। उन्होंने कहा कि रक्षा, ऊर्जा और व्यापार समेत कई क्षेत्रों में दोनों देशों का सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। रूस चाहता है कि यह साझेदारी आने वाले समय में और गहरी हो।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो