येलोस्टोन नेशनल पार्क में बाइसन का हमला, पर्यटक को कई फीट हवा में उछाला, वीडियो वायरल

अमेरिका के व्योमिंग राज्य स्थित येलोस्टोन नेशनल पार्क में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक विशाल जंगली बाइसन ने एक पर्यटक पर हमला कर उसे कई फीट हवा में उछाल दिया. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

calender

नई दिल्ली: अमेरिका के व्योमिंग राज्य स्थित येलोस्टोन नेशनल पार्क में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक विशाल जंगली बाइसन ने एक पर्यटक पर हमला कर उसे कई फीट हवा में उछाल दिया. बता दें, इस हमले में पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है. कब और कैसे हुई ये घटना चलिए जानते है. 

कहां हुई ये घटना 

जानकारी के अनुसार, घटना ब्रिज बे कैंपग्राउंड के पास हुई, जहां बुजुर्ग पर्यटक अपने पोते के साथ फिशिंग ब्रिज इलाके में घूम रहे थे. उसी समय एक पेशेवर वन्यजीव फोटोग्राफर भी वहां मौजूद था, जिसने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी और उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया. प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, करीब 900 किलो वजनी नर बाइसन कैंपग्राउंड से गुजर रहा था. पहले वह कुछ पर्यटकों के पास पहुंचा, जो सुरक्षित दूरी से उसकी तस्वीरें और वीडियो बना रहे थे. कुछ देर बाद बाइसन सड़क किनारे धूल में बैठ गया. इसी दौरान दादा और उनका पोता भी वहां पहुंचे और दूर से उसका वीडियो बनाने लगे.

कई फीट ऊपर उछाला बुजुर्ग व्यक्ति 

जब बाइसन उठकर उनकी तरफ बढ़ने लगा तो दोनों ने वहां से निकलने का फैसला किया। लेकिन तभी बाइसन अचानक उनकी दिशा में दौड़ पड़ा. इससे पहले उसने एक पिकअप ट्रक की तरफ भी हमला करने की कोशिश की, हालांकि चालक समय रहते वहां से निकल गया. इस घटना के दौरान पोता किसी तरह सुरक्षित भाग निकला, लेकिन बुजुर्ग व्यक्ति पेड़ों के बीच फंस गए. प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बाइसन ने अपने सींग से उनकी कमर पर जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह कई फीट ऊपर उछलकर जमीन पर जा गिरे. इस घटना को देखने के बाद वहां आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए.

हमले के बाद लोगों ने शोर मचाकर और बाइसन को डराने की कोशिश की, जिसके बाद वह वहां से हट गया. इसके तुरंत बाद आपातकालीन चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची और घायल पर्यटक को अस्पताल ले गई.

25 गज की दूरी बनाने की अपील 

येलोस्टोन नेशनल पार्क प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. अधिकारियों ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे बाइसन और अन्य जंगली जानवरों से कम से कम 25 गज की दूरी बनाए रखें. वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि इन दिनों बाइसन का प्रजनन काल चल रहा है, इसलिए वे सामान्य से अधिक आक्रामक हो सकते हैं. First Updated : Monday, 13 July 2026

Topics :