एक कैब या फिर कैब ड्राइवर को आप कैसे देखते हैं? एक कार, जिसे लेकर एक शख्स आपके पास आता है, आपसे ओटीपी पूछता है और फिर आपको अपनी जगह पर उतार देता है. हाल ही में दिल्ली से जो तस्वीर सामने आई है उसने कैब और प्लेन के सफर को बराबरी पर लाकर खड़ा करने की बहस आम कर दी है. जहां एक कैब ड्राइवर ने अपनी छोटी सी हैचबैक कार को एक लाउंज कम कैफे में बदल दिया, जिसमें खाने पीने के सामान से लेकर जनरल आइटम तक मौजूद हैं. खबर यह भी है कि ड्राइवर की ओर से अपने यात्रियों को यह सब मुफ्त में दिया जाता है. कैब की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हैं.
Reddit पर एक वायरल पोस्ट ने लोगों को हैरान कर दिया है. इस पोस्ट में उनकी कैब के अंदर की तस्वीरें दिखाई गई हैं, जिसमें यात्रियों के लिए फ्री वाईफाई, स्नैक्स, कैंडी, बोतलबंद पानी, छाते, सैनिटाइजर और टिश्यू जैसी सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं. इसके अलावा, कार में दर्द निवारक दवाएं, एंटासिड, एंटीहिस्टामाइन जैसी दवाइयां भी रखी गई हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए सुरक्षा पिन, तेल, टूथपेस्ट, पाउडर, परफ्यूम और शू पॉलिश जैसी व्यक्तिगत देखभाल की वस्तुएं भी उपलब्ध हैं. हैरानी की बात यह है कि ये सभी सुविधाएं यात्रियों को बिल्कुल मुफ्त दी जाती हैं.
Found cab facilities better than flights...
byu/Fancy-Past-6831 indelhi
अब्दुल कादिर अपनी सवारी को सिर्फ राइड की पेशकश नहीं कर रहे हैं - वे एक शानदार अनुभव दे रहे हैं. उनकी कैब में सब कुछ मुफ़्त है, जिससे यह एक नियमित टैक्सी की तुलना में एक लग्जरी लाउंज की तरह लगता है. एक यात्री, जिसने उनकी कैब की तस्वीर साझा की, उसने मज़ाक में कहा, "कैब में पाई ऐसी सुविधाएं जो फ्लाइट से भी बेहतर हैं!"
एक Reddit यूजर ने इस कैब की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "फ्लाइट्स से भी बेहतर सुविधाएं मिलीं...". इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. यूजर्स ने इस ड्राइवर की सेवा और ध्यान से भरी छोटी-छोटी बातों की तारीफ की है. कई यूजर्स ने तो यहां तक कहा कि वे इस ड्राइवर की कैब को एक्सक्लूसिवली बुक करना चाहेंगे और इसके लिए अतिरिक्त पैसे देने को भी तैयार हैं.
एक यूजर ने लिखा, "ड्राइवर का नाम और पहचान बताओ. उन्हें इसके लिए पहचान मिलनी चाहिए." दूसरे यूजर ने कमेंट किया, "मैं इसकी कैब में सफर कर चुका हूं. उनका नाम अब्दुल है और वे एक अद्भुत इंसान हैं. उन पर कई वीडियो भी बन चुके हैं."
एक यूजर ने लिखा, "अतिरिक्त मेहनत करना, उद्यमशीलता, ग्राहक संतुष्टि और अनुभव... यह व्यक्ति एक चलता-फिरता MBA डिग्री है." एक अन्य यूजर ने ड्राइवर के बारे में जानकारी देते हुए लिखा, "उनका नाम अब्दुल कादिर है. अखबारों में उनकी कहानी छप चुकी है, 'Uber ड्राइवर जिसने कभी अपने ग्राहकों का राइड कैंसल नहीं किया'. आप उनकी कहानी कार के ऊपर लगे फ्रेम में देख सकते हैं. मैं ऑफिस जा रहा था और नहीं जानता था कि मुझे यह शानदार अनुभव मिलेगा." First Updated : Tuesday, 04 February 2025