'छोले' बना रहे थे 2 युवक... खाने से पहले ही सो गए मौत की नींद, आप मत करना ये गलती
Noida Chhole On Burning Stove: नोएडा में एक कमरे में दो लोग मृत पाए गए हैं. शुरुआती जांच में पता चला है कि रात को गैस पर छोले रखे गए थे, जिसके बाद वे सो गए. पूरी रात गैस चलती रही, इस दौरान छोले जलने से कमरा धुएं से भर गया, जिसके चलते उनकी मौत हो गई.

Noida Gas Death: नोएडा के सेक्टर 70 स्थित बसई गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां दो युवकों की दम घुटने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान 22 वर्षीय उपेंद्र और 23 वर्षीय शिवम के रूप में हुई है. दोनों छोले-कुलचे और भटूरे का ठेला लगाते थे. बता दें कि पुलिस के अनुसार, दोनों युवक शनिवार रात अपने किराए के कमरे में सोने से पहले छोले का बर्तन चूल्हे पर रखकर सो गए थे. गैस स्टोव पूरी रात जलता रहा, जिससे छोले जलने लगे और कमरे में धुआं भर गया. कमरा छोटा और खराब हवादार होने के कारण दोनों का दम घुट गया.
सुबह खुला राज
आपको बता दें कि रविवार सुबह जब पड़ोसियों ने उनके कमरे से धुआं निकलते देखा तो उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया. अंदर दोनों युवक बेहोशी की हालत में पड़े थे. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस जांच में खुलासा
वहीं नोएडा पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ''प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कमरे में धुआं और कार्बन मोनोऑक्साइड जमा होने के कारण दोनों युवकों की दम घुटने से मौत हुई है.'' बता दें कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोनों के शवों पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सटीक कारण स्पष्ट होगा.
सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां
- रसोई उपकरणों की जांच: सोने से पहले गैस बंद करना सुनिश्चित करें.
- हवादार कमरा: कमरे को उचित वेंटिलेशन के साथ रखना चाहिए.
- स्मोक अलार्म: घरों में स्मोक डिटेक्टर लगाना चाहिए.


