ग्रेजुएशन गाउन पहनकर मगरमच्छ के साथ करवाया फोटोशूट, 14 फीट के ‘बिग अल’ को जबड़े पर किया KISS

अमेरिका की एक लड़की ने ग्रेजुएशन पूरा होने की खुशी में 14 फुट लंबे मगरमच्छ के साथ बेहद खतरनाक फोटोशूट कराया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन तस्वीरों ने लोगों को हैरान कर दिया है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: ग्रेजुएशन का दिन हर छात्र के लिए बेहद खास होता है. कोई इस मौके पर दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवाता है तो कोई परिवार के साथ जश्न मनाता है. लेकिन अमेरिका की एक लड़की ने अपनी डिग्री मिलने की खुशी को ऐसे अंदाज में सेलिब्रेट किया कि उसकी तस्वीरें देखते ही लोग दंग रह गए. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस फोटोशूट में लड़की 14 फुट लंबे मगरमच्छ के बेहद करीब नजर आ रही है.  सबसे हैरानी वाली बात यह रही कि उसने मगरमच्छ के खुले जबड़े के पास जाकर उसे ‘किस’ तक कर लिया. अब यह अनोखा और खतरनाक फोटोशूट इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

अमेरिका की मैकनीस स्टेट यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करने वाली कैट डेली ने अपने ग्रेजुएशन को यादगार बनाने के लिए एक ऐसा तरीका चुना, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. कैट ने अपनी नेवी ब्लू ग्रेजुएशन ड्रेस पहनी और सीधे उस जगह पहुंच गईं जहां 14 फुट लंबा विशाल मगरमच्छ मौजूद था.

इस मगरमच्छ का नाम ‘बिग अल’ बताया जा रहा है. कैट ने न सिर्फ उसके पास खड़े होकर तस्वीरें खिंचवाईं, बल्कि अपना ग्रेजुएशन कैप भी मगरमच्छ की नाक पर रख दिया. तस्वीरों में वह बेहद आत्मविश्वास के साथ नजर आ रही हैं. सबसे ज्यादा चर्चा उस तस्वीर की हो रही है जिसमें वह मगरमच्छ के खुले मुंह के बेहद करीब जाकर उसे ‘किस’ करती दिखाई दे रही हैं. 

खतरनाक खेल के पीछे की असली कहानी

सोशल मीडिया पर जैसे ही ये तस्वीरें सामने आईं, लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं. कुछ लोग इसे बहादुरी बता रहे हैं, तो कुछ इसे जान जोखिम में डालने वाला स्टंट कह रहे हैं. पहली नजर में यह फोटोशूट बेहद डरावना लगता है, लेकिन इसके पीछे एक अलग कहानी भी है. कैट डेली कोई आम लड़की नहीं हैं. वह बचपन से ही जंगली जानवरों के बीच पली-बढ़ी हैं और उन्हें ऐसे जानवरों को संभालने का अच्छा अनुभव है.

बताया गया कि कैट अपने मंगेतर के साथ ‘गेटर कंट्री’ नाम का एक रेस्क्यू पार्क चलाती हैं. यहां मगरमच्छों और दूसरे जंगली जानवरों की देखभाल की जाती है. कैट सिर्फ सात साल की उम्र से इन जानवरों के बीच रह रही हैं. यही वजह है कि उन्हें मगरमच्छों से डर नहीं लगता. फोटोशूट के दौरान वहां मौजूद फोटोग्राफर भी थोड़ा घबराया हुआ था. दिलचस्प बात यह रही कि उसे मगरमच्छ से ज्यादा डर उस जहरीले सांप से लग रहा था जिसे कैट बड़े आराम से हाथ में पकड़े हुई थीं.

कैट का कहना है कि लोग मगरमच्छों को हमेशा खतरनाक और हिंसक जानवर मानते हैं, जबकि हर परिस्थिति में ऐसा नहीं होता. उनका मकसद लोगों को यह दिखाना था कि सही तरीके और अनुभव के साथ इन जानवरों को समझा जा सकता है.

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई तस्वीरें

कैट का यह अनोखा ग्रेजुएशन फोटोशूट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लाखों लोग इन तस्वीरों को देख चुके हैं और लगातार शेयर कर रहे हैं. कई यूजर्स ने इसे अब तक का सबसे अलग और साहसी ग्रेजुएशन फोटोशूट बताया है. कैट के पास वर्षों का अनुभव है, इसलिए वह इन जानवरों के साथ सहज नजर आती हैं. लेकिन आम इंसान के लिए ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो